राहगीरों से लूटपाट करने वाला बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ा
गाजियाबाद। कविनगर पुलिस ने राहगीरों से लूटपाट करने वाले बदमाश को गिरफ्तार किया है। एसएचओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मसूरी थाना क्षेत्र के मिसल गढ़ी निवासी पुष्पेंद्र हैं। उसके कब्जे से लूटा हुआ मोबाइल, वारदात में प्रयुक्त बाइक और तमंचा व कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने राहगीरों से पर्स और मोबाइल लूट की कई वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है। उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।
सेक्टर-6 चिरंजीव विहार निवासी मनीष त्यागी ने गत 13 अप्रैल को कविनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनका कहना था कि दोपहर करीब 2:30 बजे उनकी पत्नी राखी चिरंजीव विहार के पास शास्त्रीनगर ई-ब्लॉक मार्केट में गई थीं। इसी दौरान वहां बाइक सवार एक बदमाश उनकी पत्नी का पर्स लूटकर ले गया। शोर मचाने पर लोगों ने बदमाश को पकड़ने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। मनीष त्यागी के मुताबिक उनकी पत्नी के पर्स में पांच हजार रुपये, मोबाइल व अन्य दस्तावेज थे। एसएचओ का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई थी। रविवार को शास्त्रीनगर स्थित राज गैस चौपला पर एक संदिग्ध बाइक सवार आता दिखाई दिया। रुकने का इशारा करने पर वह बाइक मोड़कर भागने लगा लेकिन घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया। पूछताछ करने पर वह शातिर लुटेरा पुष्पेंद्र निकला। पुलिस का कहना है कि पुष्पेंद्र ने जिले में और किन-किन वारदातों को अंजाम दिया है, उसका पता लगाया जा रहा है।