क्रॉसिंग में सोसायटी सील होने से टिफिन सप्लाई बंद
गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण के कारण क्रासिंग रिपब्लिक की आठ सोसायटी को अब तक जिला प्रशासन द्वारा सील किया जा चुका है। जिसके बाद इन सोसायटी में टिफिन सर्विस भी बंद हो गई है। इस कारण से इनमें रहने वाले कॉलेज के छात्र-छात्राओं एवं अकेले रहने वाले लोगों के सामने भोजन की दिक्कत आ रही है। जो लोग इन सोसायटी में खाना बना भी रहे थे, उन्होंने भी बनाना बंद कर दिया है। जो लोग सोशल मीडिया के माध्यम से खाना मांग रहे हैं, उन्हें तो एओए के पदाधिकारी एवं वॉलंटियर खाना उपलब्ध करा दे रहे हैं लेकिन काफी संख्या में ऐसे लोग भी हैं, जिन्हें खाना नहीं मिल पा रहा है।
क्रासिंग रिपब्लिक में लगातार कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। पिछले पांच दिन में सोसायटी की आठ सोसायटी को सील किया जा चुका है। इसमें सभी बड़ी सोसायटी शामिल हैं। 28 में से आठ सोसायटी सील होने के बाद लोगों को खाने की दिक्कत होने लगी है। इन सोसायटी में बाहरी लोगों के आने जाने पर पूरी तरह से रोक है। यदि कोई ऑनलाइन खाना मंगा रहा है तो उसे भी सोसायटी में प्रवेश करने की इजाजत नहीं है। क्रासिंग रिपब्लिक क्रॉमा के महासचिव उज्ज्वल मिश्रा ने बताया कि जिन लोगों के सामने खाने की समस्या है, हम लोगों तक उनके मेसेज पहुंच रहे हैं, उनको हम खाना उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने कहा है कि क्रासिंग में किसी भी व्यक्ति को खाने की कोई दिक्कत है तो वह संपर्क कर सकता है। उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा।