खराद मशीन में फंसने से सुुरक्षा गार्ड की मौत
गाजियाबाद। कविनगर थाना क्षेत्र की लोहा मंडी क्षेत्र स्थित एक कंपनी की खराद मशीन में फंसने से बुधवार की रात एक सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई। घटना के दौरान मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया है। सुरक्षा गार्ड के परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।
क्षेत्राधिकारी कविनगर अभय कुमार मिश्र ने बताया कि सुरक्षा गार्ड की पहचान दौलतपुरा निवासी 32 वर्षीय किशन पुत्र रामेश्वर के रूप में हुई है। बताया कि एक साल से गार्ड इस कंपनी में कार्यरत था। बुधवार रात को खराद मशीन पर
काम चल रहा था। किशन उसके पास से निकलकर जा रहे थे। इसी दौरान उनके कपड़े मशीन में आ कर फंस गए। जब तक वह कुुछ समझ पाते तब तक वह मशीन में उलझ गए। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। इस दौरान घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने हंगामा करने की कोशिश
की। सीओ ने बताया कि परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। शव को पोस्टमार्टम के बाद उन्हें सौंप दिया गया है। यदि कोई तहरीर मिलती है तो उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।