ट्रैक्टर-बाइक की टक्कर में डासना निवासी पिता-पुत्र की मौत
गाजियाबाद। विजयनगर थानाक्षेत्र में हाइवे स्थित कृष्णा कॉलेज के पास बाइक गेहूं से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुस गई। हादसे में डासना निवासी शमशाद (45) और उनके बेटे शाहनवाज (23) की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों की जेब में मिले दस्तावेजों के आधार पर उनकी शिनाख्त की और परिजनों को सूचित किया। पंचनामा भर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
डासना देहात के गौरव एंक्लेव निवासी शमशाद अली परिवार के साथ रहते हैं। वह और उनका बेटा शाहनवाज नोएडा सेक्टर-62 में कारपेंटर का काम करते थे। बृहस्पतिवार को दोनों रोजाना की तरह बाइक से नोएडा जा रहे थे। बाइक शाहनवाज चला रहा था। जैसे ही वह विजयनगर थानाक्षेत्र में हाईवे स्थित कृष्णा इंटर कॉलेज के पास पहुंचे तो बाइक आगे चल रही गेहूं से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची विजयनगर पुलिस ने मृतकों के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर पहचान की और परिजनों को सूचना दी।
हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम
ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसने के बाद बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। हाईवे के एक हिस्से में बाइक पड़ी थी तो दूसरे हिस्से में दोनों पिता-पुत्र के शव पड़े हुए थे। रास्ता अवरुद्ध होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई, जिसके चलते जाम लगना शुरू हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाइक तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटवाकर आवागमन शुरू कराया। करीब एक घंटे बाद यातायात सुचारू हो सका।
पिता-पुत्र ही चलाते थे परिवार की आजीविका
शमशाद अली के परिवार में पत्नी फिरदौस के अलावा बेटी सना (25), बेटा शाहनवाज (23) व बिलाल अहमद (20) तथा जुड़वा बेटी इकरा व मुस्कान (14) थे। बेटी सना की करीब डेढ़ महीने पहले ही शादी हुई है। शमशाद और शाहनवाज ही घर में कमाने वाले थे। परिवार की आजीविका चलाने की जिम्मेदारी दोनों के कंधों पर थी। सड़क हादसे में दोनों की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शमशाद अली के साले राहिद अली ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ विजयनगर थाने में तहरीर दी है। उनका कहना है कि ट्रैक्टर पर कोई नंबर भी नहीं डला है और हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।