आदित्य वर्ल्ड सिटी में महिला को गोली मारी
गाजियाबाद। कविनगर थानाक्षेत्र की आदित्य वर्ल्ड सिटी में बहन के साथ घर लौट रही 40 वर्षीय बबीता निवासी बम्हैटा को गांव के ही युवक अंकित ने गोली मार दी। दिनदहाड़े हुई घटना से अफरातफरी मच गई। लोगों को इकट्ठा होता देख अंकित साथी सहित मौके से फरार हो गया। बहन सीमा ने लोगों की मदद से बबीता को कोलंबिया अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। परिजनों के मुताबिक अंकित ने 80 हजार रुपये के विवाद में साथी के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया है। सीमा की तहरीर पर हत्या की कोशिश का केस दर्ज कर पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक शाहपुर बम्हैटा गांव में बबीता का मायका है। उसकी शादी निवाड़ी रोड मोदीनगर निवासी राजे के साथ हुई है। मायके में रहकर ही बबीता और उसकी छोटी बहन सीमा आदित्य वर्ल्ड सिटी में चौका-बर्तन का काम करते हैं। मंगलवार शाम करीब 4 बजे दोनों बहन काम निपटा कर घर लौट रही थीं। उसी दौरान शाहपुर बम्हैटा निवासी अंकित अपने अज्ञात साथी के साथ बाइक से आदित्य वर्ल्ड सिटी में पहुंचा और आवाज देकर बबीता को रोक लिया। सीमा का कहना है कि बाइक अंकित चला रहा था। बाइक स्टैंड पर खड़ी कर वह बबीता के पास आया और कहा कि वह उसे आज जान से मार देगा। बबीता कारण पूछ ही रही थी कि अंकित ने पिस्टल निकाल ली और कनपटी से सटाकर बबीता को गोली मार दी।
साथी न भिड़ता तो मार देता दूसरा गोली
सीमा ने पुलिस को बताया कि पहली गोली मारने के बाद अंकित बबीता को दूसरी गोली भी मारने जा रहा था, लेकिन उसका साथी उससे भिड़ गया। बताया गया है कि दोनों के बीच कुछ देर तक हाथापाई भी हुई। वहीं, गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े तो खुद को घिरा देख अपने साथी के साथ फरार हो गया। सीमा का कहना है कि अगर अंकित का साथी न भिड़ता तो अंकित बबीता की हत्या कर देता। घटना के बाद सीमा ने एक बाइक सवार से मदद मांगी और बबीता को कोलंबिया अस्पताल लेकर पहुंची। सूचना पर शाहपुर बम्हैटा गांव से परिजन भी आ गए। हालत चिंताजनक होने के कारण बबीता को मेरठ रेफर कर दिया गया।
सीओ कविनगर अभय कुमार मिश्र ने बताया कि आरोपी अंकित के पिता रूपचंद और बड़े भाई सोनू का बबीता के घर आनाजाना था। गत फरवरी माह में सोनू की बहन की शादी हुई थी जिसमें सोनू ने बबीता के परिजनों से 80 हजार रुपये कुछ दिनों के लिए उधार लिए थे। बताया जा रहा है कि इन्हीं रुपयों का तगादा किया जा रहा था ।
मेरठ में ऑपरेशन कर निकाली गोली
कविनगर पुलिस के मुताबिक बबीता को मेरठ के केएमसी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। गोली कनपटी से निकलकर ठोडी में फंस गई थी। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर गोली तो निकाल ली, लेकिन इसके बावजूद बबीता की हालत चिंताजनक बनी हुई है। सीओ कविनगर का कहना है कि सीमा की तहरीर पर अंकित और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ हत्या की कोशिश का केस दर्ज कर लिया गया है। दोनों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर उन्हें जेल भेजा जाएगा। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही घटना की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी।