प्रत्याशी की दावत खाने आए 60 पर कोविड नियमों के उल्लंघन की रिपोर्ट
लोनी। शकलपुरा गांव में सोमवार को प्रधान पद के प्रत्याशी रवि कुमार की दावत खाना गांव के 60 लोगों को भारी पड़ गया। जो लोग दावत खाने आए थे, उनके खिलाफ पुलिस ने कोविड नियमों के उल्लंघन पर केस दर्ज किया है। प्रत्याशी अपने आवास पर बिना अनुमति लिए ग्रामीणों की दावत कर वोट मांग रहा था। उस पर आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज हुआ है।
शकलपुरा गांव में रवि कुमार प्रधान पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। लोनी एसएचओ ओपी सिंह ने बताया कि सोमवार को रवि कुमार अपने निवास पर बिना अनुमति लिए आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए ग्रामीणों की दावत कर रहे थे। गांव के 50 से 60 लोग दावत खाने प्रधान के आवास पर पहुंचे। लोग दावत खा रहे थे। इसी दौरान स्थानीय पुलिस पहुंच गई। पुलिस कर्मियों ने मौके की वीडियो बनाई। एसएचओ ने बताया कि घर पर टेंट भी लगाया गया था। डीएम ने कोविड के चलते नियमों का पालन करने के निर्देश दिए थे। वहीं, धारा 144 लगी है। प्रत्याशी और दावत खाने आए 60 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस वीडियोग्राफी के जरिये सभी की पहचान कर रही है।