गत्ता फैक्टरी में आग से लाखों का माल जला
गाजियाबाद। नंदग्राम में स्थित गत्ता फैक्टरी में आग लगने से लाखों का माल जलकर राख हो गया। आग लगने की जानकारी मिलने पर फायर स्टेशन कोतवाली से 4 गाड़ियां मौके पर पहुंची और दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, वैशाली और साहिबाबाद फायर स्टेशन से भी दो-दो गाड़ियां मौके पर बुलानी पड़ी। 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
राजनगर निवासी दीपक कुमार की विकलांग कॉलोनी हिंडन विहार मरियम अस्पताल के पीछे भगवती बेकर्स के नाम से गत्ते की फैक्टरी है। उन्होंने फैक्टरी के लिए बिल्डिंग किराए पर ले रखी है। सोमवार की शाम करीब 3:30 बजे होली के चलते फैक्टरी बंद थी और फैक्टरी के बाहर गत्ते के रोल रखे हुए थे। जिनमें आग लग गई। आग लगने का पता फैक्टरी के पड़ोस में काम करने वाले फिरोज को चला तो उन्होंने मामले की जानकारी तत्काल फायर स्टेशन को दी। जब तक दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे, तब तक आग तेजी से आग ने पूरी फैक्टरी को चपेट में ले लिया था। आग लगने से 30 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि आग घटना के कारण की अभी तक जानकारी नहीं मिल सकी है।
- छुट्टी के कारण फैक्टरी में नहीं था कोई व्यक्ति
होली की छुट्टी होने के कारण फैक्टरी में कोई व्यक्ति नहीं था। अगर, कर्मचारी मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता है। पुलिस आग लगने के कारणों के बारे में जानकारी कर रही है। भीषण आग को देखकर अफरातफरी मच गई। आसपास के घरों में मौजूद लोग बाहर निकल आए।