रबड़ के गोदाम में लगी आग, तीन घंटे पाया काबू
मुरादनगर। रावली रोड चुंगी नंबर तीन के पास पाइप लाइन गंगनहर मार्ग पर रविवार सुबह अचानक रबड़ के गोदाम में आग लग गई। गाजियाबाद और मोदीनगर से पहुंची दमकल की तीन गाड़ियों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
एसएचओ अमित कुमार ने बताया कि रुड़की निवासी वाजिद की रुड़की में रबड़ की फैक्ट्री है। रावली रोड चुंगी नंबर तीन के पास गंगनहर मार्ग पर वाजिद ने रबड़ के कबाड़ के लिए गोदाम ले रखा है। रविवार सुबह करीब 11 बजे अचानक गोदाम के पास झाड़ियों में आग लग गई। धीरे-धीरे आग गोदाम तक पहुंच गई। गोदाम में काम करने वाले फरमान व अलाउद्दीन ने पुलिस को सूचना दी। फायर ब्रिगेड को आग बुझाने में तीन घंटे लगे। एसएचओ का कहना है कि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, मामले की जांच की जा रही है। आग से काफी नुकसान होना बताया जा रहा है।