नक्शे के विपरीत निर्माण कराने वालों को जारी होंगे नोटिस
गाजियाबाद। शासन के निर्देश पर शमन योजना 2010 लागू होने के बाद नक्शे के विपरीत निर्माण कराने वाले जीडीए के निशाने पर आ गए हैं। इनके खिलाफ जीडीए का अभियान शुरू होगा। जीडीए उपाध्यक्ष के निर्देश पर प्रवर्तन अनुभाग ने निर्माण की पहचान कर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ऐसे में अवैध निर्माण के खिलाफ ध्वस्तीकरण के साथ नक्शे के विपरीत निर्माणों की सीलिंग की कार्रवाई तेज होगी।
शासन स्तर से शमन योजना 2010 के जारी करने के निर्देश के बाद जीडीए ने योजना को अपने अधिसूचित क्षेत्र में लागू कर दिया है। इसके बाद जीडीए उपाध्यक्ष कृष्णा करुणेश की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में सभी जोन के प्रवर्तन प्रभारियों को पहले नक्शे के विपरित किए गए निर्माण को चिह्नित कर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। निर्देश मिलते ही प्रवर्तन अनुभाग ने नक्शे के विपरीत निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी करने शुरू कर दिए हैं।
जीडीए अधिकारियों के मुताबिक सभी जोन में नए सिरे से नक्शे के विपरीत अवैध निर्माण की सूची तैयार की जा रही है। सूची तैयार होने के साथ ही नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। नोटिस में नक्शे के विपरीत अवैध निर्माण करने वालों को कंपाउंडिंग कराने का अवसर प्रदान किया जाएगा। इसके बावजूद कोई कदम नहीं उठाने पर पहले सीलिंग और फिर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। अगर अब तक विभिन्न प्रवर्तन अनुभाग की ओर से नक्शे के विपरीत आठ हजार के करीब निर्माण को चिन्हित किया गया है। जीडीए सचिव संतोष कुमार राय ने बताया कि शमन योजना लागू होने के बाद नक्शे के विपरीत अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई तेज होगी। पहले नोटिस जारी कर लोगों को नक्शे के विपरीत किए गए निर्माण की कंपाउंडिंग कराने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
यह क्षेत्र है जीडीए के निशाने पर:
जीडीए अधिकारियों के मुताबिक जोन-छह और सात में सर्वाधिक नक्शे के विपरीत अवैध निर्माण चिन्हित किए गए। इंदिरापुरम, वैशाली, कौशांबी, साहिबाबाद, शालीमार गार्डन, श्याम पार्क, राजेंद्रनगर के अलावा जोन-तीन में स्वर्णजयंतीपुरम, गोविंदपुरम में नक्शे के विपरीत अवैध निर्माण चिन्हित हुए हैं। अन्य जोन में शमन योजना के तहत कार्रवाई की जाएगी।