छेड़छाड़ से तंग छात्रा ने घर-स्कूल छोड़ा तो मनचले ने किया अगवा
गाजियाबाद। नंदग्राम थानाक्षेत्र के मोरटा चौकी क्षेत्र में दसवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के अपहरण का मामला सामने आया है। मूलरूप से मेरठ निवासी पीड़िता के मुताबिक पड़ोसी गांव का युवक उसे करीब एक साल से परेशान कर रहा था। जिसके चलते उसे स्कूल व घर तक छोड़ना पड़ा। गाजियाबाद में नौकरी करने वाला पिता परिवार को अपने पास ले आया, लेकिन यहां भी मनचले ने पीछा नहीं छोड़ा और उसे कार में अगवा कर मेरठ ले गया। जैसे-तैसे अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छूटी छात्रा ने गाजियाबाद पहुंच परिजनों को आपबीती बताई। पीड़िता के पिता ने तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
मोरटा चौकी क्षेत्र में गैस एजेंसी पर काम करने वाले पीड़ित पिता का कहना है कि वह मूलरूप से मेरठ के दौराला थानाक्षेत्र के रहने वाले हैं। उनकी दूसरे नंबर की 16 वर्षीय बेटी दौराला के एक स्कूल में कक्षा दसवीं का छात्रा है। लॉकडाउन से पहले से पड़ोसी गांव का 25 वर्षीय युवक उनकी बेटी से छेड़छाड़ करता था। लॉकडाउन में स्कूल बंद हो गए। लॉकडाउन खुलने पर बेटी ने स्कूल जाना शुरू किया तो आरोपी ने फिर से परेशान करना शुरू कर दिया। आरोपी की हरकतों से तंग आकर उन्होंने बेटी की पढ़ाई छुड़वा दी। इसके बाद भी आरोपी नहीं माना तो करीब डेढ़ महीने पहले उन्हें गांव छोड़कर परिवार को गाजियाबाद लाना पड़ा।
अस्पताल से निकलते ही बेटी को कार में अगवा किया
पीड़ित पिता का कहना है कि उनकी बेटी मंगलवार दोपहर को मोरटा चौकी क्षेत्र में ही एक अस्पताल से स्किन एलर्जी की दवाई लेने गई थी। अस्पताल से निकलते ही आरोपी युवक ने अपने साथियों संग उनकी बेटी को कार में अगवा कर लिया और मोदीपुरम मेरठ स्थित एक कमरे में ले गया। आरोपी इधर-उधर हुए तो बेटी वहां से भाग निकली और किसी राहगीर से किराए के पैसे मांगकर गाजियाबाद पुराने बस अड्डे आ गई। बेटी का फोन आने पर वह रात करीब 10 बजे उसे वहां से लेकर आए।
फोन पर धमकी दी, पैसों का लालच भी दिया
पीड़ित पिता का कहना है कि बुधवार को आरोपियों के फोन आने शुरू हो गए और उन्होंने कार्रवाई करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। इतना ही नहीं, उन्होंने कार्रवाई न करने की एवज में पैसे देने के लालच भी दिया। दिनभर तनाव में रहने के बाद बृहस्पतिवार को राजनगर एक्सटेंशन स्थित पुलिस चौकी पहुंचे और पुलिस को घटना से अवगत कराया।
पुलिस बोली- सिर्फ छेड़छाड़ लिखकर दो
पीड़ित पिता का कहना है कि चौकी जाने पर वहां मिले दरोगा को उन्होंने सारी घटना बताई। लेकिन दरोगा ने तमाम कानूनी दांवपेच बताते हुए सिर्फ छेड़छाड़ की तहरीर लिखकर देने को कहा। एसपी सिटी निपुण अग्रवाल का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी।