मोदीनगर, मुरादनगर और लोनी में सस्ते में पास होगा घर का नक्शा
गाजियाबाद। मोदीनगर, मुरादनगर और लोनी में घर बनाने की योजना बना रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने तीनों क्षेत्रों में घर निर्माण के लिए नक्शा पास कराने को लिया जाने वाला विकास शुल्क 3,314 रुपये से घटाकर 1,200 रुपये प्रति वर्ग मीटर कर दिया है। इन इलाकों को छोड़कर शहरी क्षेत्र की दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक में बीते माह मोदीनगर, मुरादनगर और लोनी में जीडीए से नक्शा पास कराने को लिए जाने वाले विकास शुल्क की दर कम करने का निर्णय लिया गया था। निर्णय की अधिसूचना मिलने के बाद नई व्यवस्था को लागू कर दिया गया है। निर्णय लागू होने के बाद मोदीनगर, मुरादनगर और लोनी क्षेत्र में घर बनाने की योजना तैयार कर रहे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। लोगों को नक्शा पास कराने के दौरान 1,200 रुपये प्रति वर्ग मीटर के तहत विकास शुल्क जमा करना होगा। शासन की ओर से तीनों क्षेत्रों में 2,114 रुपये प्रति वर्ग मीटर की कटौती लोगों को सहूलियत प्रदान करेगी।
जीडीए अधिकारियों के मुताबिक जीडीए की ओर से विभिन्न जोन में हर माह 800 से अधिक नक्शे पास किए जाते हैं। शहरी क्षेत्रों में नक्शा पास होने का आंकड़ा 80 फीसदी है। वर्तमान में मोदीनगर, मुरादनगर और लोनी क्षेत्र में नक्शा पास कराकर निर्माण करने वालों की संख्या बेहद कम है। जीडीए को उम्मीद है कि नक्शा पास कराने की नई दर लागू होने के बाद तीनों क्षेत्रों में लोग नक्शा पास कराकर ही निर्माण करने को तवज्जो देंगे। इससे जीडीए की कार्रवाई का डर समाप्त होने के साथ ही प्राधिकरण की आय में वृद्धि होगी।
जीडीए अधिकारी आशीष शिवपुरी का कहना है कि सरकार ने मोदीनगर, मुरादनगर और लोनी में भवन बनाने को नक्शा स्वीकृत कराने के दौरान लिए जाने वाले विकास शुल्क को घटाकर 1,200 रुपये प्रति वर्ग मीटर किया था। शासन से अधिसूचना मिलने के बाद नई व्यवस्था को लागू कर दिया गया है।