40 केंद्रों पर चार हजार स्वास्थ्य कर्मियों को लगेगा टीका
गाजियाबाद। जिले में शुक्रवार 22 जनवरी को 40 केंद्रों पर चार हजार स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया जाएगा। इसके लिए इन केंद्रों पर 240 स्वास्थ्य कर्मी एवं पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। जिले में 22, 28 और 29 जनवरी को मिलाकर कुल 11 हजार 846 स्वास्थ्य कर्मियों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। इससे पहले 16 जनवरी को 379 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जा चुका है।
बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शुक्रवार को टीकाकरण के लिए सूचीबद्ध स्वास्थ्य कर्मी समय पर पहुंचें। पूरे प्रोटोकॉल का पालन करते हुए उनका टीकाकरण किया जाए। जिलाधिकारी ने टीका को लेकर लोगों का भ्रम दूर करने के लिए 16 जनवरी को जिन लोगों को टीका लगाया जा चुका है, उनके साथ एक संवाद सत्र आयोजित कराने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने सीएमओ से कहा कि स्वास्थ्य सेवा से जुड़े जो लोग टीकाकरण कराने की सूची में शामिल नहीं हो पाए, वह टीकाकरण कराना चाहते हैं तो उनको माप-अप राउंड में सम्मिलित करते हुए कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए।
बैठक में सीएमओ डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि 22, 28 एवं 29 जनवरी को स्वास्थ्य कर्मियों के टीकाकरण का सत्र आयोजित होना है। उन्होंने निर्देशित किया कि जहां पर टीकाकरण शुरू हो चुका है, सर्वप्रथम वहां सभी स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण पूरा किया जाए। इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, डब्लूएचओ से डॉक्टर अभिषेक सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।