मृतक सुरेश कुमार धनखड़ का फाइल फोटो
- फोटो : SHAHIBABAD
डासना एफओबी पर फंदा लगा अधिवक्ता ने गले लगाई मौत
मसूरी। एनएच-9 पर डासना स्थित फुट ओवरब्रिज पर बुजुर्ग अधिवक्ता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सुरेश सिंह धनखड़ (75) निवासी श्रीराम कॉलोनी के रूप में हुई है। सुरेश सिंह एक दिन पहले किसी काम से घर से निकले, लेकिन वापस नहीं लौटे। घटना का पता लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव नीचे उतारकर तलाशी ली तो एक सुसाइड नोट भी मिला। जिसमें सुरेश धनखड़ ने लिखा था कि वह अपनी मर्जी से यह कदम उठा रहे हैं। उनके परिवार को परेशान न किया जाए।
श्रीराम कॉलोनी निवासी अधिवक्ता सुरेश कुमार धनखड़ बेटे सुरेंद्र सिंह धनखड़ के साथ रहते थे। परिजनों ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम को वह रोजमर्रा की तरह घर से निकले, लेकिन वापस नहीं आए। देररात तक वापस न लौटने पर सभी संभावित स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। वहीं, शुक्रवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि डासना में फुट ओवरब्रिज पर एक बुजुर्ग का शव फंदे से लटका हुआ है। पुलिस ने मौके पर जाकर शव नीचे उतारा और दस्तावेजों के आधार पर सुरेश सिंह धनखड़ के रूप में शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने घर में किसी तरह के विवाद से साफ इनकार किया। एसएचओ राघवेंद्र सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग आया है। साथ ही मृतक के पास सुसाइड नोट भी मिला है। संभवत: पारिवारिक कलह या बीमारी के चलते सुरेश धनखड़ ने यह कदम उठाया है।