फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोहरे में टकराए 25 वाहन, दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल की मौत

विज्ञापन
गा​जयाबाद में एक्सप्रेसवे पर हादसा
विज्ञापन
कोहरे में टकराए 25 वाहन, दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल की मौत
विज्ञापन

मुरादनगर। शनिवार सुबह घने कोहरे के चलते मुरादनगर थानाक्षेत्र में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर 25 वाहन एक-दूसरे से टकरा गए। मिलक चाकरपुर और रेवड़ा रेवड़ी गांव के पास एक घंटे के अंदर हुए दो हादसों में दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल धर्मवीर सिंह (48) निवासी दुगरावली ट्रोनिका सिटी की मौत हो गई, जबकि करीब 50 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। 12 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने पंचनामा भर हेड कांस्टेबल का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ट्रोनिका सिटी थाने के दुगरावली गांव निवासी धर्मवीर सिंह दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल थे। वर्तमान में उनकी तैनाती कनॉट प्लेस स्थित विशेष पुलिस आयुक्त ऑफिस में थी। शनिवार सुबह धर्मवीर सिंह अपने साथ दिल्ली जौहरीपुर निवासी हेड कांस्टेबल सर्वेश कुमार के साथ ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के रास्ते बुलंदशहर के राधानगर जा रहे थे। सुबह करीब 8.45 बजे एक्सप्रेसवे पर मिलक चाकरपुर गांव के पास धर्मवीर और सर्वेश पहुंचे तो आगे जा रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। घना कोहरा होने के कारण ट्रक में पीछे से एक के बाद एक 15 वाहन भिड़ गये, सर्वेश की कार पीछे से ट्रक में जा घुसी, हादसे में धर्मवीर सिंह की मौत हो गई, जबकि सर्वेश कुमार घायल हो गए।
विज्ञापन

सुबह करीब 9.30 बजे दूसरा हादसा रेवड़ा रेवड़ी गांव के पास एक्सप्रेसवे पर हुआ, जिसमें आपस में 10 वाहन भिड़ गए। हादसे के बाद बस, कार, ट्रक व अन्य गाड़ियों में सवार लोगों में चीख पुकार मच गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को गाजियाबाद के अस्पतालों में भर्ती कराया। बताया गया है कि दोनों हादसों में करीब 50 लोग घायल हुए हैं, जिनमें की 12 हालत की गंभीर बनी हुई है।
वाहन भिड़ते रहे, लोग चीखते रहे
शनिवार सुबह घना कोहरा होने के कारण दृश्यता बेहद कम थी। जिसके चलते मिलक चाकरपुर और रेवड़ा रेवड़ी गांव के पास हुए दोनों हादसों में वाहन एक के बाद एक आपस में भिड़ते रहे। जैसे-जैसे एक वाहन में सवार लोग बाहर निकलते, उससे पहले ही दूसरा वाहन उसमें आकर टकरा जाता। करीब एक घंटे तक दोनों स्थानों पर वाहनों में सवार लोगों में चीखपुकार मचती रही।
हादसे के बाद बाधित रहा एक्सप्रेसवे, लगा भीषण जाम
घने कोहरे के कारण ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर सोनीपत से नोएडा की ओर जाने वाले मार्ग पर अलग-अलग स्थान पर दो हादसे होने के चलते एक्सप्रेसवे पर यातायात बाधित हो गया। सड़क पर खड़े क्षतिग्रस्त वाहनों से आवागमन प्रभावित हो गया। देखते ही देखते भीषण जाम की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने क्रेन से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर एक्सप्रेसवे पर यातायात सुचारू कराया।
पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत
मिलक चाकरपुर के पास हुए हादसे की सूचना मिलते ही मुरादनगर पुलिस मौके पर दौड़ पड़ी। पुलिस ने मशक्कत कर घायलों को वाहनों से निकाला और राहगीरों की मदद से अस्पताल भिजवाया। अभी इस स्थान पर हालात सामान्य नहीं हुए थे कि रेवड़ा रेवड़ी गांव के पास दूसरा हादसा हो गया। इसके बाद पुलिस वहां दौड़ पड़ी। पुलिस ने जैसे-तैसे रेस्क्यू कराकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
विज्ञापन

इनसेट.....
कोहरे में वाहन चलाते समय बरतें ये सावधानी
- कोहरे के मद्देनजर वाहनों में फॉग लाइट अवश्य लगवाएं।
- हो सके तो डिवाइडर के नजदीक ही वाहन चलाएं।
- आगे चल रहे वाहन से निश्चित दूरी बनाए रखें।
- गति इतनी धीमी रखें कि एकाएक कोई वाहन दिखने पर आसानी से रोका जा सके।
- हेड लाइट के साथ-साथ पार्किंग लाइट का इस्तेमाल करें।
- गाड़ी के आगे-पीछे रेडियम स्टीकर लगवाएं।
- आगे चल रहे वाहन को ऑवरटेक करने से बचें।
वर्जन......
ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर कोहरे के चलते करीब 25 वाहन एक-दूसरे से भिड़े हैं। हादसे में दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल की मौत हुई है, जबकि काफी लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया गया।
- डॉ. ईरज राजा, एसपी ग्रामीण
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें