फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पासपोर्ट के फर्जीवाड़े में केएन मोदी इंस्टीट्यूट का अधिकारी गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
पासपोर्ट के फर्जीवाड़े में केएन मोदी इंस्टीट्यूट का अधिकारी गिरफ्तार
विज्ञापन

गाजियाबाद/मोदीनगर। फर्जी दस्तावेजों से पासपोर्ट बनवाने की कोशिश करने के आरोप में मोदीनगर पुलिस ने केएन मोदी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के एग्जीक्यूटिव ऑफिसर मेघराज शर्मा को गिरफ्तार किया है। मूलरूप से नेपाल निवासी मेघराज शर्मा केएनजीडी इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी मोदीनगर के भी एग्जीक्यूटिव ऑफिसर है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पासपोर्ट के लिए तीन बार आवेदन किया और हर बार अपना जन्मस्थान अलग दर्शाया। मोदीनगर के विभिन्न कर्मचारी संगठनों की शिकायत पर मामले की जांच खुफिया विभाग को सौंपी गई थी। सीओ एलआईयू की रिपोर्ट में फर्जीवाड़े का खुलासा होने पर पुलिस ने धोखाधड़ी और पासपोर्ट अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि ऑपरेशन-420 के तहत मेघराज शर्मा को भारतीय नागरिकता के विभिन्न पते और जन्मस्थान बदलकर पासपोर्ट बनवाने के लिए पत्राचार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मेघराज शर्मा द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार कर पासपोर्ट के लिए आवेदन करने के संबंध में राष्ट्रीय मजदूर सभा मोदी तेल पेंट फैक्टरी, मोदी आर्क इलेक्ट्रोड्स कर्मचारी यूनियन, मोदी पेंट एंड वार्निश वर्क्स एंप्लाइज यूनियन द्वारा शिकायत दी गई थी। जिसकी जांच सीओ एलआईयू द्वारा कराई गई। जांच में मेघराज शर्मा का फर्जीवाड़ा सामने आया तो पुलिस भी हैरत में पड़ गई। आरोपी नेपाल का होने के बावजूद भारत में अपना फर्जी जन्म स्थान दिखाकर पासपोर्ट बनवाने की कोशिश कर रहा था।
विज्ञापन

11 साल में तीन आवेदन, हर बार अलग जन्म स्थान
एसएसपी ने बताया कि खुफिया विभाग की जांच में सामने आया कि मेघराज शर्मा तीन बार पासपोर्ट बनवाने के लिए आवेदन कर चुका है। हर बार आरोपी ने अपना जन्मस्थान अलग दर्शाया। मेघराज ने वर्ष 2009 में पासपोर्ट के लिए आवेदन में अपना जन्म स्थान दिल्ली बताया तो वर्ष 2018 में खुद को मिर्जापुर में पैदा होना दर्शाया। इस बार तीसरी दफा पासपोर्ट के आवेदन में मेघराज ने अपना जन्म स्थान मोदीनगर दर्शाया था। गलत सूचना देने पर पासपोर्ट ऑफिस द्वारा आवेदन निरस्त कर दिया गया।
अन्य दस्तावेजों की भी होगी जांच
नेपाली होने के बावजूद खुद को भारतीय दर्शाकर पासपोर्ट बनवाने की कोशिश करने वाले मेघराज शर्मा के सभी काले-चिट्ठों की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मेघराज शर्मा वर्तमान में केएनजीडी इंजीनियरिंग कॉलेज हापुड़ रोड मोदीनगर तथा केएन मोदी इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में एग्जीक्यूटिव ऑफिसर के पद पर कार्यरत है। एसएसपी का कहना है कि आरोपी के अन्य दस्तावेजों व क्रियाकलापों की जांच भी की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
नेपाल का पासपोर्ट बरामद, राष्ट्र विरोधी गतिविधियों के नहीं मिले सुबूत
कर्मचारी संगठनों ने मेघराज शर्मा पर राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने का आरोप भी लगाया था। हालांकि अभी तक कि जांच में यह आरोप साबित नहीं हो सके हैं। पूछताछ में मेघराज शर्मा ने बताया कि भारतीय पासपोर्ट न बनने पर उसने नेपाली पासपोर्ट बनवा लिया। उसके पास मेघराज पंथी के नाम से जारी नेपाल का पासपोर्ट बरामद हुआ है। आरोपी ने बताया कि उसे केएन मोदी इंस्टीट्यूट की तरफ से स्टूडेंट ग्रुप में वर्ष 2019 में थाईलैंड की यात्रा की थी।
फर्जीवाड़ा कर पूरे परिवार का बनवा लिया वोटर आईडी कार्ड
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नेपाली राष्ट्रीय मेघराज शर्मा ने प्रशासन की आंखों में धूल झोंकते हुए अपना और परिवार के तीन अन्य सदस्यों के वोटर आईडी कार्ड भी बनवा लिए। जिला निर्वाचन अधिकारी से प्राप्त दस्तावेजों में इस बात की पुष्टि हुई। वोटर आईडी कार्ड मोदीनगर भाग संख्या-131 के क्रमांक 797, 798, 799 एवं 800 पर बने हुए हैं, जो कि नियमविरुद्ध है।
विज्ञापन

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
सीओ एलआईयू की रिपोर्ट के आधार पर मोदीनगर पुलिस ने मेघराज शर्मा के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 467, 468, 471 और पासपोर्ट अधिनियम की धारा 12(1ए) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। एसएसपी का कहना है कि आरोपी को हिरासत में लेकर विस्तृत पूछताछ की जा रही है। इंस्टिट्यूट और स्थानीय इलाके में आरोपी के व्यवहार के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी अन्य गतिविधियों में लिप्त तो नहीं था, इसका भी पता कराया जा रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें