रंजिश में पिता-पुत्री पर चाकू से किया हमला, लहूलुहान
गाजियाबाद। नगर कोतवाली के नसरतपुरा में सोमवार रात घर के बाहर बैठे ब्रजमोहन पर पड़ोसी राजू ने रंजिश में चाकू से हमला कर दिया। उनकी बेटी आरती पिता को बचाने आई तो हमलावरों ने उस पर भी चाकू से कई वार किए। बीच कॉलोनी खून-खराबा देख लोगों में भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल पिता-पुत्री को अस्पताल में भर्ती कराया। तहरीर मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
नसरतपुरा निवासी बृजमोहन हलवाई का काम करते हैं। पड़ोस में रहने वाले राजू से उनके परिवार से पुरानी रंजिश है। पूर्व में भी दोनों पक्षों में कई बार झगड़ा हो चुका है। बताया गया है कि सोमवार रात करीब 9 बजे ब्रजमोहन घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान वहां राजू चाकू लेकर पहुंचा और बृजमोहन पर हमला कर दिया। गर्दन और हाथ पर चाकू लगने के बाद बृजमोहन घायल हो गए। उनकी चीख पुकार सुनकर घर में मौजूद उनकी बेटी आरती कश्यप मौके पर पहुंची और पिता का बचाव किया। जिस पर राजू ने आरती पर भी चाकू से हमला कर दिया। स्थानीय लोगों के इकट्ठा होने पर हमलावर खुद को घिरा देख फरार हो गया। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घायल आरती कश्यप ने हमलावर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
रेकी करने के बाद हमला करने का आरोप
आरती कश्यप ने बताया कि हमले से पहले राजू ने कई बार रेकी की थी। वह घर के आसपास चक्कर काटकर घर में मौजूद लोगों की स्थिति देख रहा था, लेकिन उन्होंने उसे नजरअंदाज कर दिया। बाद में जब उसने वारदात को अंजाम दिया तो उसके घर के आसपास घूमने की स्थिति साफ हुई।
इस वजह से हमलावर मानता है रंजिश
आरती ने बताया कि उसके दो भाई हैं। एक भाई दीपक के साथ हमलावर राजू का भाई रहता था, जो 10-12 साल पहले अचानक लापता हो गया था। वह आज तक नहीं मिला है। इस मामले में राजू के परिजनों द्वारा उनके खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। तभी से राजू उनके परिवार से रंजिश रखता है।