बताया गया कि मनोज के मुकाबले कोमल अधिक पढ़ी लिखी थी। मनोज के दो बच्चे हैं। बेटी प्रियांशी (16) तथा पुत्र विपुल (11) है। कोमल के भाई हरीश ने आरोप लगाया कि मनोज आए दिन उसकी बहन को परेशान करता था। जिस कारण दोनों में अनबन रहती थी। विवाद बढ़ने पर कोमल कुछ दिन पहले अपने मायके चली गई। बताया गया कि दो माह पूर्व ही माफीनामे के बाद कोमल वापस ससुराल आई थी। भाई ने आरोप लगाया कि मनोज साजिश के तहत ही कोमल को पतला लाया था और बुधवार को उसकी हत्या कर दी।
योजनाबद्ध तरीके से दिया हत्याकांड को अंजाम
मनोज ने योजनाबद्ध तरीके से हत्याकांड को अंजाम दिया। उसने पहले ही पूरी प्लानिंग कर रखी थी।। कुसैड़ी के जंगल की तरफ मुड़ने के बाद मनोज एक खेत में गया और वहां से चाकू निकालकर लाया। उसी चाकू से पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद पत्थर से उसका सिर कुचला।
अवैध संबंधों की बात आ रही सामने
हत्याकांड के पीछे अवैध संबंधों की बात भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि इस बात को लेकर पति-पत्नी में आए दिन विवाद होता रहता था। कई बार मारपीट और सार्वजनिक रूप से झगड़ा भी हुआ। हालांकि, पुलिस का कहना है कि हत्या का कारण क्या है, इस संबंध में जांच पड़ताल की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस से बचने को मोबाइल घर पर रखा
मनोज ने पुलिस से बचने के लिए मौके पर स्कूटी छोड़ी और फिर घर जाकर मोबाइल रख दिया। ताकि पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस न कर सके। एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा का कहना है कि मौके से स्कूटी के अलावा चाकू और पत्थर दोनों मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा कि हत्या किस चीज से की गई है। हत्या के पीछे अभी तक पारिवारिक विवाद सामने आ रहा है।