स्मार्ट सिटी की दौड़ में शामिल गाजियाबाद बिजली चोरी की एफआईआर के मामलों में उत्तर प्रदेश में तीसरे नंबर पर है। गृह मंत्रालय की ओर से जारी एनसीआरबी (नेशनल क्राइम रिपोर्ट ब्यूरो) के आंकड़ों (2015) के आधार पर यह खुलासा हुआ है।
आंकड़ों के मुताबिक बिजली चोरी के 9577 मामलों में 1308 मामले सिर्फ गाजियाबाद के हैं। वहीं, बिजली चोरी में आगरा प्रदेश का पहला और कानपुर दूसरे नंबर का जिला है। कानपुर में 1409 मामले दर्ज हैं। इलाहाबाद में 394 मामले और लखनऊ में 214 मामले दर्ज हैं।
गाजियाबाद जिले में बिजली चोरी के सबसे ज्यादा मामले लोनी क्षेत्र के हैं। बीते साल पावर कारपोरेशन ने यहां अभियान चलाकर एक-एक दिन में 20-20 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। गाजियाबाद जिले में मकानों और बिजली कनेक्शनों की संख्या का बड़ा अंतर भी बिजली चोरी की पुष्टि कर रही है।
जिले में मकानों की संख्या- 961264 है, जबकि बिजली कनेक्शनों की संख्या महज 633503 है। यानी बाकी घरों में बिजली चोरी की जा रही है। यही नहीं मकानों में जरूरत से कम लोड पास कराकर भी बिजली चोरी की जा रही है।
इसके अलावा उद्योगों में भी चोरी होती है। हालांकि पावर कारपोरेशन का दावा है कि अब जिले में सिर्फ 22 फीसदी लाइन लॉस है। यह लॉस लगातार घट रहा है। लोगों में जागरूकता लाकर बिजली चोरी में कमी लाई जा रही है।
चोरी के नए-नए हथकंडे
कटिया कनेक्शन के अलावा भी बिजली चोरी के लिए कई अन्य हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। बिजली के मीटर में रोटेटिंग एलीमेंट में स्टंट लगाकर मीटर की डिस्क की स्पीड धीमी कर दी जाती है। इससे बिल कम आता है।
इसके अलावा कई जगहों पर बिजली मीटर के इनपुट टर्मिनल और आउटपुट टर्मिनल में छेड़छाड़ की जाती है। बिजली के तार मीटर के अंदर तो जाते हैं लेकिन मीटर के बाहर निकले तारों को डायरेक्ट करने की व्यवस्था होती है। जब तक बिजली डायरेक्ट रहती है, तब तक मीटर चलता ही नहीं है।
यहां सबसे ज्यादा बिजली चोरी
लोनी क्षेत्र, विजयनगर क्षेत्र, कैला भट्ठा क्षेत्र, मूसरी समेत अन्य ग्रामीण क्षेत्र
वेस्ट यूपी के प्रमुख जिलों में घरों और कनेक्शनों का आंकड़ा
जनपद ----------- घरों की संख्या ------ कनेक्शन
गाजियाबाद--------961264---------- 633503
हापुड़ -----------961264 ---------- 120266
मेरठ ------------654394 --------- 486330
गौतमबुद्धनगर-------369612 -------- 248926
बागपत ----------237205 --------- 166009
सहारनपुर ----------675351 ---------- 332202
बिजनौर ------------715513 ----------- 328217
बुलंदशहर--------- 663908 -------- 284495
मुरादाबाद ----------899672 ----------- 236299
अलीगढ़ ---------690849 --------- 314498
बिजली चोरी रोकी जा रही है। कैंप लगाकर लोगों को नए बिजली कनेक्शन देने और लोड बढ़ाने का काम किया जा रहा है। आने वाले समय में ग्रामीण क्षेत्रों को भी 16 घंटे बिजली मिलेगी, इसको लेकर भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। हाउस होल्ड और बिजली उपभोक्ताओं के बीच के अंतर को कम करने के लिए नए कनेक्शन देने के निर्देश दिए गए हैं। सभी खंड अधिकारियों को एक सितंबर से 30 नवंबर तक लक्ष्य के सापेक्ष करीब 70 फीसदी घरों-दुकानों में कनेक्शन देने होंगे। - एसके गुप्ता, चीफ इंजीनियर, गाजियाबाद जोन