तीन बच्चों समेत 15 डेंगू संक्रमित
गाजियाबाद। रविवार को तीन बच्चों समेत 15 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। पांच लोगों की हालत गंभीर होने पर अस्पताल में भर्ती हैं। मलेरिया और स्क्रब टाइफस का कोई नया मरीज नहीं मिला है। इस समय स्क्रब टाइफस का एक मरीज अस्पताल में भर्ती है, वहीं मलेरिया का कोई मरीज भर्ती नहीं है। जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या 237 हो गई है। अब तक जिले में अन्य जिलों और दिल्ली के 54 मरीज इलाज के लिए आ चुके हैं।
डीएसओ डॉ. आरके गुप्ता ने बताया कि प्रताप विहार में महिला, राहुल विहार में किशोरी व युवती, चौधरी मोड़ रामनगर में किशोरी, शालीमार गार्डन में महिला, मानसी विहार में महिला, शास्त्रीनगर में महिला, कविनगर में युवक, डासना स्थिति एक कॉलेज के हॉस्टल में छात्र, नंदग्राम में किशोर, कविनगर में युवक, प्रताप विहार में बच्चा, नगर में युवक, मालीवाड़ा में युवक, गोविंदपुरम में किशोर संक्रमित हुआ है।
32 स्थानों पर मिला लार्वा
जिले में रविवार को चले अभियान के दौरान 32 स्थानों पर डेंगू लार्वा मिला है। जिला मलेरिया अधिकारी ज्ञानेंद्र मिश्रा ने बताया कि 18 मकान मालिकों को नोटिस जारी करने के साथ ही एंटी लार्वा स्प्रे किया गया है। उन्होंने बताया कि 22 टीमें सर्वे और स्प्रे कर रही हैं।