ऑक्सीजन कोटा खत्म होने से चार घंटे पहले सूचना देंगे अस्पताल
गाजियाबाद। अस्पतालों को अब ऑक्सीजन का कोटा खत्म होने से चार घंटे पहले प्रशासन को सूचना देनी होगी। साथ ही हर दिन की खपत का कोटा भी बताना होगा। ताकि अंतिम समय में ऑक्सीजन के लिए अफरातफरी का माहौल न बने। इसके अलावा कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रतिदिन भर्ती होने वाले मरीजों की जानकारी भी देनी होगी। ये आदेश जिले के नोडल प्रभारी सैंथिल पांड्यन ने बुधवार को जीडीए सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक में दिए।
सैंथिल पांड्यन ने कहा कि सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी सामंजस्य बनाना होगा ताकि बढ़ते संक्रमण को रोका जा सके। उन्होंने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश कुमार को 50 बेड से ज्यादा बड़े अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट या कन्संट्रेटर्स उपलब्ध कराए जाने की सूचना एकत्र करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रतिदिन कम से कम तीन से पांच हजार दवाई की किट का वितरण कराया जाए। सिम्टोमेटिक या एंटीजन टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने वाले लोगों को इन दवाओं का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दवाओं के वितरण के लिए सिविल डिफेंस के वॉलंटियर, सैंपलिंग बूथों, गांवों में निगरानी समितियों, नगर निगम के पार्षदों व आशाओं की मदद से कराया जाए। इससे कोविड के केसों को शुरूआती स्तर पर ही खत्म किया जा सकेगा और अस्पतालों पर मरीजों का दबाव कम किया जा सकेगा। सैंथिल पांड्यन ने बैठक के बाद संजय नगर स्थित संयुक्त जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने दवाइयों की किट बनाए जाने की प्रक्रिया का भौतिक सत्यापन किया और सीएमएस को अतिरिक्त स्टाफ लगाकर ज्यादा से ज्यादा किट तैयार कराने के निर्देश दिए। इस दौरान प्रभारी डीएम कृष्णा करुणेश, सीडीओ अस्मिता लाल, नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर, एडीएम सिटी शैलेंद्र सिंह मौजूद रहे।
-------
ऑक्सीजन प्लांट्स और कन्संट्रेटर्स की मांग भेजी
नोडल प्रभारी ने बताया कि गाजियाबाद के लिए सीएसआर के माध्यम से ऑक्सीजन प्लांट्स व कन्संट्रेटर्स की डिमांड की गई है। साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा ने भी प्रशासन को पत्र लिखकर 30 लाख तक के ऑक्सीजन कन्संट्रेटर्स के लिए फंड उपलब्ध कराने की सहमति दी है। उन्होंने बताया कि अस्पतालों को उनके यहां उपलब्ध बेड की संख्या के अनुपात में ऑक्सीजन मुहैया कराई जा रही है।
------
सिम्टोमेटिक मरीजों के घर जाकर पांच हजार दवा किट बांटेगा स्वास्थ्य विभाग
बढ़ते कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर की रोकथाम के लिए अब स्वास्थ्य विभाग दवाओं की करीब पांच हजार किट रोजाना संक्रमित लोगों को घर-घर जाकर बांटेगा। इसके लिए नौ मई तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। रैपिड रिस्पांस टीमों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इन किट का वितरण करने के लिए शहरी क्षेत्र में निगम पार्षदों, ग्रामीण क्षेत्र में निगरानी समितियों, आशाओं की मदद ली जाएगी।
-------
फर्जी पॉजिटिव रिपोर्ट की होगी मॉनिटरिंग
नोडल अधिकारी सैंथिल पांड्यन ने जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता को निर्देश दिए कि वह यह सुनिश्चित कराएंगे कि किसी भी सरकारी कर्मचारी-अधिकारी के पॉजिटिव एंटीजन रिपोर्ट उनके हस्ताक्षर से ही जारी हों। ऐसा किए जाने से कोविड पॉजिटिव की फर्जी रिपोर्ट नहीं बनाई जा सकेगी और विभागों में स्टाफ की कमी नहीं होगी।
-------
दो नए कोविड सेंटर बनेंगे
जिले में दो नए सीएचसी (लोनी एवं मुरादनगर) को भी कोविड सेंटर के रूप में तैयार किया जा रहा है। इससे बेड की उपलब्धता बढ़ जाएगी और मरीजों को पर्याप्त इलाज मिल सकेगा। वहीं जिले को मिलने वाले ऑक्सीजन कन्संट्रेटर्स को ईएसआई मोदीनगर एवं साहिबाबाद में लगवाया जाएगा। ताकि वहां पर ऑक्सीजन कन्संट्रेटर्स पर आधारित नए बेड की संख्या बढ़ाई जा सके।