गाजियाबाद के विजयनगर थानाक्षेत्र में रहने वाली युवती के फर्जी सोशल अकाउंट बनाकर उसकी अश्लील फोटो वायरल करने का मामला सामने आया है। साइबर सेल ने मामले की तहकीकात करते हुए एक युवती को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार युवती पीड़िता के छोटे भाई की प्रेमिका है। प्रेमी के परिजनों द्वारा मिलने-जुलने अवरोध पैदा करने पर आरोपी युवती ने प्रेमी की बहन को बदनाम करने के लिए यह कारनामा किया। पीड़ित युवती का कहना है कि सोशल मीडिया पर बदनामी होने पर उसकी शादी भी टूट गई।
विजयनगर थानाक्षेत्र में रहने वाली एक युवती ने पिछले महीने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसका कहना था कि किसी ने उसकी फेसबुक से फोटो लेकर उन्हें अश्लील बना दिया। इसके बाद फेसबुक और इंस्टाग्राम पर उसके नाम के फर्जी अकाउंट बनाकर इन अश्लील फोटो को वायरल कर दिया।
पीड़िता का कहना था कि इसी दौरान उसकी शादी होने वाली थी, लेकिन सोशल मीडिया पर उसके अश्लील फोटो देखकर लड़का पक्ष ने शादी तोड़ दी। विजयनगर पुलिस ने केस दर्ज कर मामला साइबर सेल के पास भेज दिया था।