लोनी रेल मार्ग पर 52 दिन झेलनी पड़े परेशानी, कई ट्रेनें रहेंगी रद्द
गाजियाबाद। शाहदरा-लोनी-सहारनपुर रूट पर 52 दिन रेल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इस रूट बीसीएम (बैलेस्ट क्लीनिंग मशीन) से काम किए जाने के कारण 52 ट्रैफिक ब्लॉक लिए गए हैं। शुक्रवार 11 नवंबर से 5 जनवरी के बीच कई ट्रेनों को निरस्त किया जाएगा और ऋषिकेश जाने वाली ट्रेन को बीच रास्ते 70 मिनट के लिए रोका जाएगा।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि दिल्ली-शामली स्पेशल ट्रेन को 17 नवंबर तक, दिल्ली से शामली के बीच चलने वाली तीन स्पेशल ट्रेन को 11 से चार जनवरी तक निरस्त किया गया है। बीच में जिस दिन ब्लॉक नहीं होगा उस दिन इन ट्रेनों को चलाया जाएगा। उदयपुर सिटी-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस को बीच में 70 मिनट तक के लिए रोका जा सकता है। इसके अलावा शामली से दिल्ली के बीच चलने वाली एक ट्रेन को छह से 18 दिसंबर तक और चार जनवरी को एक घंटा देरी से परिवर्तित समय पर चलाया जाएगा। यह ट्रेन सुबह 5:20 बजे रवाना की जाएगी। यह ट्रेन 20 से 29 दिसंबर तक दो घंटे की देरी से यानी सुबह 6:20 बजे शामली से रवाना की जाएगी। इस रूट पर अधिकांश ट्रेनों के निरस्त होने की वजह से सहारनपुर, शामली, बड़ौत, लोनी से दिल्ली रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।