दो साल से पाला बकरा, घर के सामने से खोल ले गए चोर
मसूरी। बकरीद पर कु र्बानी के लिये दो वर्ष से पाला बकरा त्योहार से पहले ही दो चोर घर के सामने से खोल ले गए। दोनों सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। बकरे के मालिक शाहबुद्दीन ने आसपास के गांव में बकरे की काफी तलाश की लेकिन कामयाबी नहीं मिली। उन्होेंने मसूरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मसूरी में पानी की टंकी के निकट रहने वाले शाहबुद्दीन ने बताया कि वह यूपीएसआईडीसी की एक फैक्टरी में काम करते हैं। बकरा चोरी की घटना शुक्रवार शाम छह बजे की है। बेटा माजिद पानी पीने के लिए घर के अंदर गया तभी मौका देखकर चोर बकरा चोरी करके ले गए। शाहबुद्दीन का कहना है कि बकरे की कीमत करीब 25 हजार रुपये है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फु टेज के आधार पर जल्द चोरों को पकड़ने का दावा किया है। उधर, बकरा मालिक शाहबुद्दीन ने कुर्बानी करने का मसला मौलाना से मालूम किया तो मौलाना शाहिद अय्यूबी ने बताया कि अगर आप कर्ज मुक्त हैं तो कुर्बानी करनी पड़ेगी।
चश्मदीदों के अनुसार बस स्टैंड से चंद कदमों की दूरी पर घर के बाहर से बकरे को दो युवक कान पकड़कर ले जाते दिखे। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बकरा ले जा रहे युवकों से आसपास के लोगों ने जब पूछा कि आखिर बकरे को इस तरह से पकड़कर कैसे ले जा रहे हो तो दोनों जवाब दिए बिना आगे बढ़ गए।