चार दुकानों पर अधिक मूल्य पर बिकती मिली शराब
गाजियाबाद। शराब की चार दुकानों पर ओवर रेटिंग का मामला पकड़ा गया। औचक निरीक्षण के दौरान मामला पकड़े जाने पर दुकानदारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
आबकारी निरीक्षकों की टीम ने 50 दुकानों का निरीक्षण किया। सम्राट चौक, बहरामपुर, डूंडाहेड़ा बागू एवं सुदामापुरी देशी शराब की दुकान पर ओवर रेटिंग का मामला पकड़ा गया। टीम के सदस्य शराब खरीदने पहुंचे थे। दुकानदार ने 65 रुपये की जगह 70 रुपये लिए। रंगे हाथ पकड़े जाने पर सभी के खिलाफ विजय नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि दुकानदारों को जेल भेज दिया गया है।
मोटरसाइकिल से कर रहे थे शराब तस्करी, पकड़े गए
आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब एवं दिल्ली में बिक्री होने वाली शराब की जिले में तस्करी रोकने के लिए जिले की सीमाओं पर चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान टीम द्वारा हीरो पैशन प्रो बाइक पर दिल्ली से लाई जा रही 15 बोतल देशी शराब के साथ वरुण कुमार एवं रवि को गिरफ्तार किया है। टीम ने दिल्ली बॉर्डर, ट्रांसपोर्ट नगर चेक पोस्ट, भोपुरा चेक पोस्ट, लोनी बॉर्डर, नंदग्राम, खोड़ा में देर रात तक चेकिंग की।