फॉल्ट हुआ ठीक, सोमवार से फिर रूटों पर आएंगी इलेक्ट्रिक बसें
गाजियाबाद। छह दिन बाद शनिवार रात इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन की विद्युत लाइन का फॉल्ट ठीक कर लिया गया। शनिवार देर रात चार्जिंग स्टेशन में जनरेटर से सप्लाई दी गई। विद्युत लाइन की टेस्टिंग के बाद अब रविवार को बसों को चार्ज किया जाएगा और सोमवार से उनका संचालन फिर से शुरू कर दिया जाएगा।
अकबरपुर-बहरामपुर स्थित बस डिपो की विद्युत लाइन में फॉल्ट आने के कारण बीते छह दिन से इलेक्ट्रिक बसों का संचालन बंद है। विद्युत निगम के इंजीनियरों ने तीन बार सीटी पीटी (विद्युत उपकरण) बदलकर लाइन चालू की, लेकिन हर बार दोबारा फॉल्ट आ गया। शुक्रवार को बस संचालन करने वाली फर्म पीएमआई ने आगरा से अपने इलेक्ट्रिक इंजीनियरों की टीम को बुलाया और विद्युत निगम की टीम के साथ फॉल्ट ठीक करने में शामिल किया। बस डिपो इंचार्ज पीआर बिलवारिया ने बताया कि शनिवार रात फॉल्ट को ठीक कर लिया गया। इंजीनियरों की सलाह पर विद्युत लाइन में जनरेटर से सप्लाई देकर उसकी टेस्टिंग की गई। उनका कहना है कि रविवार दोपहर तक बसों को चार्जिंग करने का काम शुरू कर दिया जाएगा और सोमवार से सभी 29 बसों को निर्धारित रूट पर उतार दिया जाएगा।