रफ्तार पर लगेगी लगाम, राजनगर एक्सटेंशन में बनेंगे स्पीड ब्रेकर
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन में बढ़ते सड़क हादसों और रफ्तार पर लगाम लगाने को स्पीड ब्रेकर का काम इस माह के अंत तक शुरू हो जाएगा। सभी अंदरूनी जोनल रोड पर स्पीड ब्रेकर लगाए जाएंगे। जीडीए स्पीड ब्रेकर बनाने पर 10 लाख रुपये खर्च करेगा। एक्सटेंशन में बढ़ते सड़क हादसों का फेडरेशन की ओर से मुद्दा उठाए जाने को गंभीरता से लेते हुए प्राधिकरण ने कवायद शुरू की है।
राजनगर एक्सटेंशन की 40 सोसायटियों में करीब डेढ़ लाख लोग रहते हैं। क्षेत्र की आबादी बढ़ने के साथ ही एलिवेटेड रोड की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग भी एक्सटेंशन से होकर गुजरता है। ऐसे में यहां की अंदरूनी सड़कों पर वाहनों का दवाब लगातार बढ़ता जा रहा है। एओए फेडरेशन की ओर से सड़क हादसों केे लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए स्पीड ब्रेकर लगवाने की जीडीए अधिकारियों से मांग की गई थी। जीडीए मुख्य अभियंता राकेश कुमार गुप्ता का कहना है कि क्षेत्र के लोगों की मांग पर सभी जोनल रोड पर स्पीड ब्रेकर लगाए जाने का काम इसी माह शुरू करा दिया जाएगा।
राजनगर एक्सटेंशन चौराहे पर नया ट्रैफिक प्लान लागू करने से पहले जीडीए ने राजनगर रेजीडेंसी सोसायटी के सामने यू-टर्न का निर्माण कराया था। अनियंत्रित छोटे-बड़े वाहनों के टकराने से यू-टर्न की स्थिति बेहद खराब हो चली है। ऐसे में जीडीए ने यू-टर्न के सुधारने का काम पर 2.17 लाख खर्च किए जाएंगे। एएलटी रोड की ओर से आने वाले वाहन मुरादनगर जाने के लिए इसी यू-टर्न का इस्तेमाल करते हैं। नए सिरे से यू-टर्न तैयार होने से लोगों को राहत मिलेगी।