उतरवाए गए 467 लाउडस्पीकर, 400 जगह कम कराई गई आवाज
गाजियाबाद। धार्मिक स्थलों पर लगाए गए एक से अधिक लाउडस्पीकर हटाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में अब तक शहरी क्षेत्र में 467 लाउडस्पीकर हटाए जा चुके हैं। सिटी मजिस्ट्रेट गंभीर सिंह ने बताया कि 400 जगहों पर लाउडस्पीकर की आवाज कम कराई गई है। कई स्थानों पर धर्मगुरुओं ने स्वयं ही स्पीकर हटा लिए हैं।
ध्वनि प्रदूषण से लोगों को निजात दिलाने के लिए एनजीटी और सरकार के आदेश के बाद प्रदेश के साथ जिले में भी अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन की ओर से चार मजिस्ट्रेट और थानाध्यक्षों की ड्यूटी लगाई गई है। एसएसपी मुनिराज ने बताया जिले में अब तक नौ से अधिक धार्मिक स्थलों का निरीक्षण किया जा चुका है। अब तक पांच सौ से अधिक लाउडस्पीकर हटाए गए हैं। इसके अलावा 481 स्थलों पर स्पीकर की आवाज कम कराई गई है।
साहिबाबाद क्षेत्र में 28, भोजपुर में 216, मोदीनगर में 88, लोनी में 32, इंदिरापुरम में 67, विजय नगर में 49, कविनगर में 6, मुरादनगर में 18 धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटवाए गए। एसएसपी का कहना है कि लोगों इस अभियान का समर्थन कर रहे हैं। हाजी मुश्ताक और आचार्य देवेंद्र सागर का कहना है कि अभियान से ध्वनि प्रदूषण कम होगा।