शासन से जारी होगी बीमार बच्चों की रिपोर्ट
गाजियाबाद। लैंड क्राफ्ट की गोल्फ लिंक सोसायटी में बच्चों के बीमार होने का मामला लखनऊ तक पहुंच गया है। हेपेटाइटिस और कल्चर की जांच के लिए मेरठ मेडिकल कालेज भेजी गई रिपोर्ट शासन ने तलब की है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. राकेश गुप्ता का कहना है कि शासन के निर्देश पर सभी नमूने लखनऊ और मेरठ भेजे गए थे, इसलिए रिपोर्ट भी शासन को जाएगी, इसके बाद जिले में आएगी।
बुधवार को गोल्फ लिंक सोसायटी के दो टावरों में 38 बच्चों समेत 59 लोग अचानक बीमार हो गए थे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोसायटी में पहुंचकर दो दिन में 119 लोगों की जांच की थी। सोसायटी से पानी के 8 नमूने लिए थे। रिपोर्ट में दो नमूने फेल पाए गए थे। इसके बाद शासन के निर्देश पर सोसायटी में बीमार हुए लोगों की हेपेटाइटिस बी और ई की जांच के लिए खून और कॉलरा की जांच के लिए मल के नमूने मेरठ मेडिकल कालेज भेजे गए थे। जबकि कोरोना के नए स्वरूप की जांच के लिए नमूने लखनऊ भेजे गए थे। सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधार का कहना है कि अभी रिपोर्ट आई नहीं है। रिपोर्ट आने के बाद जांच कर रही टीम को दी जाएगी।