गोल्फ लिंक सोसायटी में पीने योग्य नहीं मिला पानी
गाजियाबाद। दूषित पानी पीने के चलते गोल्फ लिंक सोसायटी में 59 लोगों के बीमार पड़ने के मामले में चौकाने वाला खुलासा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग की जांच में सामने आया है कि सोसायटी का पानी पीने योग्य नहीं है। विभाग द्वारा सोसायटी की दो टंकियों लिए गए पानी नमूने जांच में फेल मिले हैं। जबकि, घरों में लिए गए 6 नमूने पास मिले हैं। बृहस्पतिवार को सोसायटी में 59 लोगों की खून, कोरोना और स्टूल की जांच के लिए सैंपल लिया गया। जिसमें 38 बच्चे, 13 महिलाएं, तीन पुरुष और पांच बुजुर्ग शामिल हैं। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. राकेश गुप्ता ने बताया कि 26 लोगों की हेपेटाइटिस जांच और 6 बच्चों के स्टूल टेस्ट के लिए नमूना मेरठ मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। इसके अलावा कोरोना के नए स्ट्रेन की जांच के लिए 28 लोगों के नमूने लखनऊ भेजे गए हैं। बुधवार को लैंडक्राफ्ट की गोल्फ लिंक सोसायटी में सुबह 8:30 बजे कई बच्चों और बड़ों को उल्टी, दस्त व पेट में दर्द की शिकायत होनी शुरू हो गई थी। स्वास्थ्य विभाग ने 6 एंबुलेंस के साथ 6 चिकित्सकों की टीम को जांच के लिए भेजा था। डॉक्टरों की टीम ने सोसायटी में रह रहे 59 लोगों की स्वास्थ्य जांच की थी, इसमें 38 बच्चे भी शामिल थे।
दो टावर से लिए थे आठ पानी के नमूने
स्वास्थ्य विभाग ने दो टावर से पानी के आठ नमूने लिए थे। इसमें दो सैंपल पानी के टैंक से भी लिए गए थे। रेजिडेंट्स ने आरोप लगाया था कि मेंटेनेंस टीम द्वारा समय पर पानी की टंकी सफ ाई नहीं कराई जाती है। इससे दूषित पेयजल की आपूर्ति हो रही है, जिसे पीकर लोग बीमार हो रहे है। डॉक्टरों ने रेजिडेंट्स को ओआरएस व पानी को उबालकर ठंडा कर पीने की सलाह दी है।
जांच टीम ने सोसायटी के लोगों से ली जानकारी
सोसायटी में बच्चों के बीमार पड़ने के संबंध में अपर जिलाधिकारी नगर बिपिन कुमार की अध्यक्षता में एक जांच कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील त्यागी एवं जलकल विभाग के महाप्रबंधक सदस्य नामित किए गए हैं। टीम के सदस्य डॉ. सुनील त्यागी ने मौके पर जाकर लोगों से बातचीत कर जानकारी एकत्र की। उन्होंने बताया कि मेरठ और लखनऊ से जांच रिपोर्ट आ जाने के बाद जांच आगे बढ़ाई जाएगी।