कमेटी की रिपोर्ट के बाद अस्पताल होंगे नॉन कोविड
गाजियाबाद। कमेटी की रिपोर्ट मिलने के बाद जिले के कोविड अस्पतालों को नॉन कोविड किया जाएगा। इस समय किसी भी अस्पताल में कोई मरीज भर्ती नहीं है। 4305 जांच के बाद 12 मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इलाज के बाद पोर्टल से 14 मरीज डिस्चार्ज कर दिए गए हैं। इस समय होम आइसोलेशन में 59 सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है। तीन बाद भी किसी अस्पताल में कोविड मरीज को भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी। स्वास्थ्य विभाग ने कोविड अस्पतालों को नॉन कोविड करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
एसीएमओ डॉ. सुनील त्यागी का कहना है कि कोविड अस्पतालों को नॉन कोविड करने के लिए एक कमेटी गठित की जाएगी। कमेटी द्वारा कोविड अस्पतालों को लेकर रिपोर्ट जारी करेगी। इसके बाद ही अस्पताल को नॉन-कोविड किया जाएगा। नॉन कोविड अस्पतालों को यह भी निर्देश होंगे जरूरत होने पर बेड रिजर्व किए जाएंगे। डीएसओ डॉ. राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि मार्च 2020 से अब तक कुल 2713170 लोगों की जांच की जा चुकी है, इनमें से अभी 84786 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इलाज के बाद अब तक 84254 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। गंभीर रूप से संक्रमित 473 की मौत हो चुकी है। इस समय स्वस्थ होने वालों की दर 99.37 प्रतिशत हो गया है।