आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त पर हमला, एक गिरफ्तार
गाजियाबाद। नया गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता अशोक मिश्रा, उनके साले राघव तिवारी व अज्ञात लोगों ने आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त (एएससी) एनएम वशिष्ठ पर हमला कर दिया। एएससी की तहरीर पर सरकारी कार्य में बाधा डालने व हमलावर होने का केस दर्ज करते हुए नगर कोतवाली पुलिस ने राघव तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है।
सीओ प्रथम स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि नगर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले अशोक मिश्रा अधिवक्ता हैं और सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं। वह बुधवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे अयोध्या से आए अपने साले राघव तिवारी को लेने नया गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर गए थे। इसी दौरान आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त एनएम वशिष्ठ वहां पहुंचे तो दो ऑटो बेतरतीब ढंग से खड़े थे। एनएम वशिष्ठ न उन्हें हटने के लिए कहा तो अधिवक्ता व उनके साले ने विरोध कर दिया। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई तो अधिवक्ता व उनका साला एनएम वशिष्ठ पर हमलावर हो गया। सहायक सुरक्षा आयुक्त पर हमला होता देख उनके चालक व हमराह ने उन्हें बचाया। अन्य कर्मचारियों के पहुंचने पर हमलावर जीजा-साले फरार हो गए। घटना के बाद एनएम वशिष्ठ को दिल्ली स्थित रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। देर शाम उन्होंने थाने में तहरीर दी।
पहले ऑटो खोजा, फिर आरोपियों का घर
सीओ प्रथम ने बताया कि सहायक सुरक्षा आयुक्त ने पुलिस को घटना की सूचना दी थी। जिसके बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई। सीसीटीवी फुटेज से उस ऑटो का नंबर ट्रेस किया, जिसमें जीजा-साले गए थे। चालक का पता लगाकर उससे वह पता पूछा गया, जहां जीजा-साले को छोड़ा गया था। शाम को राघव तिवारी को पकड़ लिया गया। सीओ का कहना है कि अधिवक्ता, उनके साले व अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।