एनएच-9 पर डिवाइडर से टकराकर
पलटीं दो कारें, एक में आग लगी
मसूरी। डासना स्थित एनएच-9 पर एक-दूसरे से आगे निकलने के चक्कर में दो कारें डिवाइडर से टकराकर पलट गईं। इस दौरान सीएनजी लगी वैगनआर में आग लग गई। इसके बाद उसमें सवार चार लोगों में चीख-पुकार मच गई। लोगों ने जैसे-तैसे पांचों लोगों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। आग में मामूली रूप से झुलसने के कारण उन्हें गाजियाबाद के अस्पताल में रेफर कर दिया गया। घायलों की पहचान जाकिर, रोबी, भूरे और नितिन के रूप में हुई है। वहीं, घायलों को कार से निकालने के दौरान ट्रैफिक पुलिस का सिपाही अरुण भी घायल हो गया।
ग्रेटर नोएडा से चार लोग वैगनआर कार ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से होते हुए गाजियाबाद आ रहे थे। देर रात डासना में एनएच-9 पर उतरकर वैगनआर कार गाजियाबाद की तरफ जा रही थी। इसी दौरान एक वर्ना कार और वैगनआर कार के चालक में आगे निकलने की होड़ लग गई। जिससे अनियंत्रित होकर दोनों कार सुंदरदीप कॉलेज के सामने एनएच-9 पर पलट गईं। लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही सीएनजी लगी वैगनआर कार में आग लग गई। वैगनआर कार में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों व राहगीरों ने हिम्मत दिखाते हुए कार सवारों को बाहर निकाला। गनीमत रही कि कार के आग का गोला बनने से पहले लोगों ने सभी को बाहर निकाल लिया। हालांकि, आग की चपेट में आने से चारों लोग मामूली रूप से झुलस गए। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें गाजियाबाद रेफर कर दिया गया।
हाईवे पर लगा जाम
हापुड़ से गाजियाबाद की तरफ जाते समय दो कारों के पलटे व एक कार के धू-धू कर जलने से इस लेन पर यातायात बाधित हो गया, जिससे हाईवे पर वाहनों की कतार लग गईं। देखते ही देखते भीषण जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैफिक सुचारु करने की कोशिश की, लेकिन आग लगी होने के कारण कोशिश बेकार रही। सूचना पर दमकल की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। जिसके बाद पुलिस ने दोनों कारों को हाईवे से हटाकर देररात यातायात सुचारु कराया।