लैब के फर्श पर एसिड डालकर
फिनायल बताया, मासूम झुलसा
- नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर बम्हैटा की लैब में हुई घटना, टेक्नीशियन गिरफ्तार
- रंजिश में घटना को अंजाम देने का आरोप, दिल्ली में भर्ती मासूम की हालत नाजुक
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर बम्हैटा की लैब में लैब टेक्नीशियन मनोज ने एसिड फैलाकर उसे फिनायल बता दिया। अस्पताल केचौकीदार का दो वर्षीय पोता गोलू एसिड से बुरी तरह झुलस गया। चीख-पुकार मचने पर चौकीदार की पत्नी मौके पर पहुंची। गोलू को गोद में उठाने पर वह भी झुलस गईं। मासूम को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। रंजिश में घटना को अंजाम देने का आरोप लगाते हुए बच्चे की मां मनिका पांडे ने कविनगर थाने में केस दर्ज कराया। पुलिस ने लैब टेक्नीशियन को गिरफ्तार कर लिया है।
मूलरूप से फर्रूखाबाद निवासी मनिका पांडे का कहना है कि शाहपुर बम्हैटा के नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण के दौरान तत्कालीन डॉक्टरों ने उनके ससुर को बतौर चौकीदार रख लिया था। यहीं रहते हुए उन्हें दोनों हाथ गंवाने पड़े। दिव्यांगता के चलते उनके ससुर को अस्पताल परिसर में ही रहने की अनुमति दे दी गई थी। करीब 13 सालों से उनके ससुर परिवार के साथ यहीं रह रहे हैं। मनिका पांडे का आरोप है कि करीब दो साल से अस्पताल में तैनात लैब टेक्नीशियन मनोज उनके परिवार से रंजिश रखता है। वह उनकेपरिवार को अस्पताल से निकलवाने की धमकी देता रहता है। कई बार उनका उससे झगड़ा भी हो चुका है। मनिका पांडे का कहना है कि उनकी सास लैब में साफ-सफाई करने जाती रहती हैं। गत 20 मार्च की सुबह करीब नौ बजे लैब टेक्नीशियन मनोज ने उनकी सास को बुलाया और फर्श पर फिनायल गिरने की बात कहते हुए उसे साफ करने की बात कही। मनिका के मुताबिक, उनकी सास उनके दो वर्षीय बेटे गोलू के साथ लैब पहुंची ही थीं कि दिव्यांग ससुर ने उन्हें आवाज लगा दी। उनकी सास गोलू को लैब में छोड़कर ससुर के पास चली गईं। इसी दौरान उनका बेटा गोलू फर्श पर पड़े केमिकल की चपेट में आ गया। फिनायल की बजाय एसिड होने के कारण बेटा गोलू बुरी तरह झुलस गया। दिल्ली में उपचाररत गोलू की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
जो मैं करूंगा, वह सोच भी नहीं पाओगे
मनिका पांडे का कहना है कि करीब एक माह पहले भी उनका मनोज से विवाद हुआ था। उस दिन उसने धमकी दी थी कि वह जो करेगा, जिसे वह सोच भी नहीं पाएंगे। मनिका के मुताबिक, मनोज का उद्देश्य उनकी सास के साथ घटना करना था, लेकिन बेटा शिकार हो गया। एसएचओ कविनगर अजय कुमार का कहना है कि केस दर्ज कर आरोपी लैब टेक्नीशियन को गिरफ्तार कर लिया गया है।