ऋण के लिए गिरवी रखा सोना... फाइनेंस बैंक ने बेचा
गाजियाबाद। ऋण लेने के लिए फाइनेंस बैंक में गिरवी रखा 40 ग्राम सोना साठगांठ कर बेचने का मामला सामने आया है। इस्लाम नगर निवासी फिरोज बैंक में जब ऋण चुकाने और गिरवी रखा सोना लेने गए तो उन्हें इसकी जानकारी हुई। आरोप है कि आर्यनगर स्थित जना स्माल फाइनेंस बैंक लिमिटेड के कर्मचारियों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में उन्होंने सिहानी गेट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
फिरोज का कहना है कि उन्हें रुपये की जरूरत थी। उन्होंने अपना पुश्तैनी सोना करीब 40 ग्राम गिरवी रखकर जना स्माल फाइनेंस बैंक लिमिटेड की शाखा आर्यनगर से 2019 में 82,900 रुपये का ऋण लिया था। इसके बाद वह किस्त जमा करते रहे लेकिन कोरोना महामारी के कारण व्यापार बंद होने से वह ऋण नहीं चुका पाए। लेकिन स्थिति सामान्य होने पर जब वह बैंक में ऋण चुकाने गए तो पता चला कि उनका सोना बेच दिया गया। उन्होंने इसके नीलामी के बारे में बैंक प्रबंधक से जानकारी मांगी तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया और बैंक कर्मचारियों ने उनके साथ अभद्रता कर बैंक से निकाल दिया। एसीपी नंदग्राम आलोक दुबे का कहाना है कि मामले में कोर्ट के आदेश पर शाखा प्रबंधक व मुख्य शाखा प्रबंधक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस पर शिकायत नहीं लेने का आरोप
फिरोज ने कोर्ट का सहारा लेकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। फिरोज का कहना है कि उन्होंने अगस्त में पुलिस से शिकायत की थी लेकिन पुलिस ने उनकी शिकायत लेने से इन्कार कर दिया और कोर्ट जाने की बात कहकर भेज दिया। ऐसे में उन्होंने कोर्ट में सहारा लिया।
आरटीआई भी डाली लेकिन नहीं मिला कोई जवाब
फिरोज ने बताया कि उन्होंने जना स्माल फाइनेंस बैंक लिमिटेड की मुख्य शाखा बंगलूरू में आरटीआई डाली तो वहां से भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने बैंक से किसी तरह जानकारी निकलवाई तो पता चला कि बैंक ने किसी अन्य खाते के विरुद्ध उनका सोना बेच दिया।