मास्टर चाबी से ताला खोल चोरी कीं 200 बाइक
गाजियाबाद। विजयनगर थाना पुलिस अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का खुलासा किया है। गिरोह के सदस्य दिल्ली एनसीआर में 200 से ज्यादा बाइक चोरी कर चुके हैं। ये मास्टर चाबी से बाइक का ताला खोलकर सुनसान इलाके में ले जाकर छिपा देते हैं। पुलिस ने गिरोह के तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने हिंडन नदी के पास जंगलों में से 15 चोरी की बाइक, एक तमंचा और दो चाकू बरामद किए हैं।
सीओ प्रथम अंशु जैन ने बताया कि पकड़े गए वाहन चोर नोएडा के बिखरख थाना क्षेत्र के मछली तालाब चिपयाना निवासी राजा उर्फ मुकेश उर्फ रविंद्र, नोएडा के बादलपुर के महावण निवासी रोहित उर्फ इक्का और कविनगर के बम्हैटा निवासी सुमित हैं। गिरोह का सरगना राजा है। इनका साथी दिल्ली के मंडौली नंदनगरी निवासी बाबू उर्फ चिराग फरार है। इनमें से कुछ बाइक को ट्रेस किया जा चुका है, जो इन लोगों ने विजयनगर और दिल्ली से चोरी की थीं। विजयनगर थाना प्रभारी योगेंद्र मलिक ने बताया कि पूछताछ में वाहन चोरों ने बताया कि ये एक मास्टर चाबी से बाइक का लॉक मौका देखकर खोल लेते हैं और वहां से बाइक को ले जाकर सुनसान इलाके मेें खड़ी कर देते हैं। गांव देहात में सस्ते दामों में इन बाइकों को बेच देते हैं। उन रुपयों को आसपास में बराबर बांट कर अपने शौक पूरे करते हैं।