बंद बैंक में शार्ट सर्किट से लगी आग, दस्तावेज जले
कौशांबी। इंडियन ओवरसीज बैंक में शुक्रवार सुबह अचानक तेजी से धुआं उठने लगा। आग लगने की सूचना पर अग्निशमन कर्मियों ने खिड़की और शटर के रास्ते बैंक में घुसकर आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के दौरान बैंक बंद था। फिलहाल आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है। आग से प्रबंधक के कमरे में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेज जल गए।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि यशोदा अस्पताल के पास ही इंडियन ओवरसीज बैंक है। प्रबंधक और सुरक्षा गार्ड रोजाना सुबह दस बजे बैंक खोलते हैं लेकिन शुक्रवार सुबह 9:30 बजे सुरक्षा गार्ड ने शटर के नीचे से घुआं निकलता देखा तो उन्हें शक हो गया। सुबह 9:40 बजे कंट्रोल रूम में सूचना मिलने पर वैशाली स्टेशन से दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम किया। इस बीच आग की सूचना पर बैंक प्रबंधक और स्टाफ के अन्य लोग भी पहुंच गए। बैंक में धुआं ज्यादा होने की वजह से अग्निशमन कर्मी ब्रीथिंग ऑपरेट्स सेट पहनकर अंदर घुसे। वहां जांच में पता चला कि आग प्रबंधक के केबिन से फैल रही है। एसी और अन्य दस्तावेज जल रहे थे। सीएफओ ने बताया कि अग्निशमन कर्मियों ने प्रबंधक के केबिन से आग को अन्य जगह फैलने से रोका। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पा लिया।
जरा सी चूक से हो सकता था बड़ा हादसा:
सीएफओ का कहना है कि यशोदा अस्पताल के पास बिल्डिंग में कुछ लोग भी रहते हैं। बैंक में जिस तरह आग की लपटें उठ रही थीं, उससे शंका था कि इसका असर इमारत और अस्पताल के पास भी हो सकता है। लिहाजा टीम की त्वरित कार्रवाई से आग फैलने से बचा लिया गया। बताया गया कि प्रबंधक के कमरे में एसी, कुर्सी, कंप्यूटर, टेबल के अलावा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जल गए।