गाजियाबाद के शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन के पास फ्लाईओवर पर शुक्रवार रात हुए हादसे में ट्रक ओवरलोड होने के कारण पुल पर नहीं चढ़ सका और बंद हो गया। ऐसे में ट्रक पुल पर पीछे जाने लगा तो चालक ने ब्रेक लगाने का प्रयास किया लेकिन सड़क पर पानी होने की वजह से वह ढलान पर फिसलता चला गया। स्थिति बेकाबू होते देख चालक ट्रक से कूदकर फरार हो गया। मामले में ऑटो चालक सुनील के पिता संजय ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हादसे में छपरौला बादलपुर गौतमबुद्धनगर निवासी ऑटो चालक सुनील (32) और संजय कॉलोनी अर्थला साहिबाबाद निवासी विशाल यादव की मौत हो गई थी। हादसे में ऑटो के परखच्चे उड़ गए। क्रेन की मदद से ट्रक को हटवाया गया था। एसपी सिटी निपुण अग्रवाल ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे में कुछ लोगों के मामूली चोटें आई थी, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वहीं, आठ घायलों का उपचार अलग-अलग अस्पतालों में कराया जा रहा है।
ये हुए घायल
1. हर्ष विहार दिल्ली निवासी मोनू (24)
2. रावतपुर बंजारा उघैती बदांयू निवासी योगेश गिरी (38)
3. रावतपुर बंजारा उघैती बदांयू निवासी गिरीश (32)
4. नंदनगरी दिल्ली निवासी दीपचंद
5. रावतपुर बंजारा उघैती बदांयू निवासी इसरार (42)
6. रावतपुर बंजारा उघैती बदांयू निवासी समीर (13)
7. राहुल विहार विजयनगर निवासी जगमोहन सिंह
8. लक्ष्मी गार्डन लोनी बॉर्डर निवासी योगेंद्र