साइट देख मंगाया था सामान, नहीं मिलने पर फेसबुक के सीईओ के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट
गाजियाबाद। फेसबुक पर किचन वेयर साइट का विज्ञापन देखकर अधिवक्ता ने घरेलू सामान के दो ऑर्डर किए। लेकिन एक हफ्ते बाद भी ऑर्डर नहीं मिला। इस पर साइट खोलकर देखी तो साइट ही नहीं खुली। मामले में उन्होंने साइबर सेल में शिकायत की। वहां से कोई कार्रवाई नहीं हुई तो उन्होंने एसएसपी से शिकायत की। इस मामले में सिहानी गेट थाने में फेसबुक के सीईओ अजीत मोहन और किचन वेयर साइट के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अधिवक्ता मनमोहन सिंह ने बताया कि 10 मार्च को फेसबुक चलाते समय उस पर किचन वेयर साइट का विज्ञापन देखा। विज्ञापन पर क्लिक करने पर साइट पर पहुंच गए, जहां से उन्होंने 396 रुपये के तेल व अन्य घरेलू सामान ऑर्डर किया। इसका उन्होंने पेटीएम के माध्यम से भुगतान भी कर दिया। उन्होंने बताया कि उनके पास ऑर्डर कंफर्म होने का मोबाइल पर संदेश भी आया। कंपनी बांद्रा वेस्ट मुंबई के पते पर साइट पर दिखाई गई। उनका ऑर्डर 11 मार्च को ऑर्डर डिलीवर होना था लेकिन एक हफ्ते के इंतजार के बाद भी ऑर्डर डिलीवर नहीं हुआ। कंपनी से संपर्क करने का प्रयास किया तो इंटरनेट पर कंपनी की साइट बंद मिली।
पुलिस ने पारिवारिक विवाद की लगा दी रिपोर्ट
अधिवक्ता मनमोहन सिंह ने बताया कि उन्होंने मार्च में साइबर सेल में शिकायत की थी। एक माह तक वहां से कोई कार्रवाई नहीं हुई तो उन्होंने अप्रैल में एसएसपी से शिकायत की। उनका कहना है कि एसएसपी ने रिपोर्ट करने के आदेश दिए तो चौकी प्रभारी ने पारिवारिक विवाद की रिपोर्ट लगाकर भेज दी। चौकी प्रभारी ने ऐसा तीन बार किया। मनमोहन सिंह ने जब एसएसपी से पारिवारिक विवाद नहीं धोखाधड़ी होने की बात कही तब जाकर रिपोर्ट दर्ज हुई। सिहानी गेट थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।