एफएसओ पर लगाया छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप
गाजियाबाद। एक दमकलकर्मी की पत्नी ने अग्निशमन विभाग के अधिकारी पर छेड़छाड़ और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए डीएम और एसएसपी को शिकायत देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।
सिहानी गेट थाना क्षेत्र निवासी दमकलकर्मी की पत्नी ने दोनों अफसरों की दिए शिकायती पत्र में बताया कि काम के सिलसिले में एफएसओ का उसके घर आना-जाना था। 22 मई को सुबह वह शनि मंदिर से घर वापस आ रही थी। आरोप है कि एफएसओ ने उसके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उसकी पिटाई कर दी और पति को नौकरी से निकलवा देने की धमकी दी। साथ ही 25 मई को घंटाघर बुलाकर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए अन्य पुलिसकर्मियों के सामने अभद्रता की। मामले में मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुनील कुमार सिंह से भी शिकायत की है।
वहीं, मामले में एफएसओ का कहना है कि सरकारी आवासीय परिसर में पीपल का पेड़ है, जहां लोग पूजा करते हैं। महिला और उसके पति इसका विरोध कर रहे थे। मेरे द्वारा पूजा का समर्थन करने पर दोनों रंजिश मानते हैं। आरोप पूरी तरह से बेेबुुनियाद है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज जी. ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। विभागीय जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।