कोल्ड ड्रिंक दिलाने के बहाने छह साल की बच्ची से दरिंदगी
गाजियाबाद। विजय नगर थाना क्षेत्र एक मोहल्ले में धर्मपाल ने अपने घर में चार घंटे तक बंधक बनाकर छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। घर के बाहर खेल रही बच्ची को कोल्ड ड्रिंक दिलाने के बहाने वह अपने घर ले गया। काफी देर तक बच्ची घर के बाहर दिखाई नहीं दी तो परिजनों ने उसकी तलाश की। लापता होने का शोर सुनकर आरोपी ने बच्ची को धमकी देकर छोड़ा। बच्ची ने परिवार वालों ने पूछा तो उसने आपबीती बताई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
बच्ची के पिता ने बताया कि शनिवार की सुबह छह साल की बेटी गली में खेल रही थी। इस दौरान पड़ोस में रहने वाला धर्मपाल उनकी बेटी को कोल्ड ड्रिंक दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया और अश्लील हरकतें की। इसकी जानकारी बेटी ने उन्हें दी। तभी से बच्ची की तबीयत खराब है। सीओ प्रथम स्वतंत्र सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। धर्मपाल को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।