अगवा कर युवक की हत्या, कब्रिस्तान के पास मिला शव
मुरादनगर। कच्ची सरॉय कॉलोनी में रहने वाले युवक समीर को अगवा कर हत्या के बाद उसका शव कब्रिस्तान के पास फेंक दिया गया। मृतक के सिर पर चोट के निशान थे। पुलिस ने पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम को भेजा। समीर हिस्ट्रीशीटर की पत्नी की हत्या के आरोप में जेल जा चुका है और अभी तीन महीने पहले ही जमानत पर छूटा है। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर के बेटे समेत चार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
कच्ची सरॉय कॉलोनी में रहने वाले शहजाद फल विक्रेता हैं। परिवार में पत्नी राबिया, दो बेटे व एक बेटी है। शहजाद ने बताया कि बड़ा बेटा समीर(19)मेरठ में अपने मामा की पंसारी की दुकान पर काम करता था। पिता की तबीयत खराब होने पर दो दिन पहले ही घर आया था। शनिवार शाम करीब 6 बजे समीर को उसका दोस्त अहद पुत्र आस मोहम्मद व उसके साथी घर से बुलाकर अपने साथ ले गये। परिजनों ने काफी देर तक घर नहीं लौटने पर समीर की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला, उसका फोन भी बंद आ रहा था। रात्रि में करीब एक बजे परिजनों ने थाने पहुंचकर उसकी गुमशुदगी की तहरीर दी। पिता शहजाद ने बताया कि रविवार सुबह करीब 7 बजे किसी ने सूचना दी कि प्रीत विहार कॉलोनी में कब्रिस्तान के पास एक युवक का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस व परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक की शिनाख्त समीर के रूप में की गयी। एसएचओ हरिओम सिंह का कहना है कि मृतक के पिता की तहरीर पर अहद समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गयी है। बताया कि मृतक के सिर में चोट थी। पुलिस की चार टीम आरोपियों की तलाश में लगी है।
एसपी देहात डॉ. ईरज राजा का कहना है कि मृतक समीर व आरोपी अहद महिला की हत्या के मामले में जेल जा चुके हैं। तीन महीने पहले ही समीर जमानत पर बाहर आया था। रविवार शाम को हिस्ट्रीशीटर आस मोहम्मद का बेटा अहद व उसके साथी समीर को घर से बुलाकर अपने साथ ले गये थे। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ होगा, जिसके कारण समीर की हत्या की गई है।
पूर्व विधायक वहाब चौधरी का भतीजा है अहद
करीब एक साल पहले पूर्व विधायक वहाब चौधरी के भाई आस मोहम्म्द की पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या में पुलिस ने महिला के पति व हिस्ट्रशीटर आस मोहम्मद, उसके बेटे अहद व समीर को गिरफ्तार किया था। पूर्व विधायक वहाब चौधरी का अहद सगा भतीजा है।