जिले में 815 कोरोना के नए मरीज, पांच की मौत
गाजियाबाद। प्रशासन के तमाम प्रयासों के बावजूद जिले में कोरोना संक्रमण बेकाबू हो रहा है। पिछले 13 दिनों में संक्रमण की दर 1.43 से बढ़कर 15 फीसदी पर पहुंच गई है। इसके साथ ही मरने वालों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। शुक्रवार को 815 नए संक्रमित मिले जबकि पांच लोगों की मौत हुई। बीते तीन दिन में 21 की मौत हो चुकी है। बीते बुधवार और बृहस्पतिवार को आठ-आठ मौत हुई थी। शुक्रवार को पांच मौत की पुष्टि के बाद तीन तीन में कोरोना से मारने वालों का आंकड़ा 21 हो गया है।
शुक्रवार को संक्रमित हुए लोगों में सरकारी अस्पताल के चिकित्सक और 15 पुलिसकर्मी शामिल हैं। शासन के आंकड़ों की मानें तो शुक्रवार को 175 मरीज स्वस्थ हुए हैं। जिले में अब 5,425 सक्रिय मामले हैं। अधिकारियों का कहना है कि दो हजार मरीज होम आइसोलेशन में हैं। जिले में 34,188 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई, जिसमें से 28,635 स्वस्थ हो चुके हैं। पांच मौत के साथ कि कोरोना से मारने वालों की संख्या 125 से बढ़कर 130 हो गई है। जिले में 9 अप्रैल को संक्रमण की दर 1.43 फीसद थी। जो अब 15 फीसद तक पहुंच गई है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दो दिन में कोरोना कर्फ्यू का पालन लोग करें और बेवजह कहीं ना जाएं।
-----
ऑक्सीजन के लिए अस्पतालों में किल्लत
कोरोना अस्पतालों में आईसीयू की किल्लत लगातार बनी हुई है। कुछ अस्पताल, जहां आईसीयू बेड खाली हैं, वहां मरीजों को सिर्फ ऑक्सीजन की उपलब्धता को लेकर भर्ती नहीं कर रहे हैं। राजनगर स्थित एक कोविड अस्पताल में बात की गई तो चिकित्सक ने बताया कि सुबह से ऑक्सीजन का इंतजार किया जा रहा है। एक निजी सप्लायर से अस्पताल को ऑक्सीजन मिल रही थी लेकिन सख्ती के चलते वहां से आपूर्ति बाधित हो गई है। भर्ती मरीजों के लिए ये संकट भरा भी हो सकता है।
-------
आज भी होगा टीकाकरण
जिले में कोरोना टीकाकरण के लिए शासन से 20 हजार डोज भेजी गई हैं। शुक्रवार को डोज खत्म होने पर कई जगह टीकाकरण नहीं हो सका। संयुक्त अस्पताल के टीकाकरण केंद्र पर दोपहर तक ही वैक्सीनेशन हुआ। यहां 200 डोज ही उपलब्ध कराई गई थी। जो कुछ ही घंटों में समाप्त हो गई। ऐसी ही स्थिति अन्य सरकारी सेंटरों पर भी रही। जबकि 4 से 6 ही निजी अस्पतालों में वैक्सीनेशन हुआ। स्वास्थ्य विभाग को भले ही 20 हजार डोज प्राप्त होने पर राहत की सांस ली हो। लेकिन यह डोज दो दिन भी मुश्किल है। जिले में करीब 65 सरकारी और 36 निजी अस्पतालों में वैक्सीनेशन किया जा रहा है। ऐसे में यदि सभी को 200 डोज भी दी गई तब मिली डोज दो दिन भी नहीं लगाई जा सकेंगी।