पहले बताएं टॉय ट्रेन से कितनी होगी आमदनी
गाजियाबाद। सिटी फॉरेस्ट में घूमने आने वालों को जल्द मॉडर्न टॉय ट्रेन की सौगात मिल सकती है। प्रदेश के गाजियाबाद सहित लखनऊ, आगरा और कानपुर में प्रस्तावित टॉय ट्रेन की संशोधित डीपीआर पर लखनऊ में प्रमुख सचिव आवास दीपक कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई। प्रोजेक्ट की संशोधित डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) को मंजूरी देने से पहले टॉय ट्रेन प्रोजेक्ट को लगाने और संचालन के खर्च के साथ उससे होने वाली आय की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने साफ किया है कि ट्रेन प्रोजेक्ट से प्राधिकरणों पर कोई वित्तीय भार न पड़े।
ट्रेन के सभी खर्चों और उससे होने वाली आय की विस्तृत रिपोर्ट लखनऊ विकास प्राधिकरण के मुख्य अभियंता जल्द सौंपेंगे। ऐसे में रिपोर्ट तैयार होने के बाद आगामी बैठक में प्रोजेक्ट की संशोधित डीपीआर को मंजूरी मिलने की संभावना जताई जा रही है। लखनऊ में हुई बैठक में जीडीए से उद्यान प्रभारी एके चौधरी ने भाग लिया। 125 एकड़ में फैले सिटी फॉरेस्ट में टॉय ट्रेन के जरिए प्रकृति के मनोरम दृश्य का आनंद लिया जा सकेगा। ट्रेन को लगाने और एक साल तक संचालन करने वाली रेलवे की संस्था सेंट्रल ऑर्गनाइजेशन फॉर मॉर्डनाइजेशन ऑफ वर्कशॉप (कॉफमोव) ने सिटी फॉरेस्ट में टॉय ट्रेन के रूट का निर्धारण किया जा चुका है।
सिटी फॉरेस्ट में 1.60 किमी क्षेत्र में टॉय ट्रेन का संचालन होगा। प्रस्तावित ट्रेन पुराने परंपरागत मॉडल की जगह मॉडर्न लुक में नजर आएगी। रेलवे की संस्था कॉफमोव ने सिटी फॉरेस्ट के किन-किन पॉकेट से होकर टॉय ट्रेन का संचालन होगा, उसके रूट को निर्धारित कर दिया है। गाजियाबाद से पहले कॉफमोव की टीम लखनऊ के जनेश्वर पार्क में रूट का निर्धारण कर चुकी है। प्रोजेक्ट को मुख्यमंत्री कार्यालय से आखिरी मुहर लगने के बाद संशोधित डीपीआर को मंजूरी के लिए रेल मंत्रालय भेजा जाएगा। जीडीए उद्यान प्रभारी एके चौधरी ने बताया कि ट्रेन प्रोजेक्ट के संचालन के खर्च और आय की विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। आगामी बैठक में रिपोर्ट को रखा जाएगा।
दो टनल से होकर गुजरेगी
सिटी फॉरेस्ट में संचालित होने वाले टॉय ट्रेन में कुल पांच कोच होंगे। यहां जीडीए की ओर से ट्रेन के ट्रैक, प्लेटफार्म और दो टनल का निर्माण किया जाएगा। बाकी कोचेज सहित करीब एक करोड़ खर्च रेलवे की कॉफमोव संस्था करेगी। गाजियाबाद के सिटी फॉरेस्ट में ट्रेन का रूट 1.60 किमी लंबा होगा। संशोधित डीपीआर में ही ट्रेन का किराया तय किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक ट्रेन का किराया 12 साल से कम उम्र वालों के लिए 40 रुपये और 12 साल से अधिक वालों के लिए 80 रुपये के लगभग हो सकता है।
अधिकांश पॉकेट से होकर गुजरेगी टॉय ट्रेन
राजनगर एक्सटेंशन करहेड़ा स्थित सिटी फॉरेस्ट पार्क में छोटी-बड़ी कुल 24 पॉकेट हैं। अलग-अलग पॉकेट में विभिन्न सुविधाएं प्रदान की गई हैं। ट्रेन सिटी फॉरेस्ट की अधिकांश पॉकेट से होकर जाएगी। इससे लोग हरियाली, हिंडन नदी और अन्य सुविधाओं का एक साथ नजारा देख सकेंगे। जीडीए की ओर से सिटी फॉरेस्ट की विभिन्न पॉकेट को अलग-अलग फूलों की थीम पर तैयार किया जा रहा है।