अब दो दिन बाद बंद होगी इंदिरापुरम की गंगाजल सप्लाई
साहिबाबाद। प्रताप विहार स्थित गंगाजल प्लांट से मंगलवार को इंदिरापुरम की सप्लाई नहीं बंद की गई। पानी की सप्लाई बंद होने से पाइपों में सिल्ट जमा होने की संभावना होने के चलते सप्लाई बंद नहीं की गई। अब प्लांट से बृहस्पतिवार को 15 क्यूसेक गंगाजल की सप्लाई बंद करने की बात कही गई है। इस दौरान सिर्फ 6 क्यूसेक गंगाजल की सप्लाई होगी।
परियोजना प्रबंधक, गंगाजल परियोजना इकाई को एनएच- 9 पर दो-दो हजार मिमी की नई और पुरानी पाइप लाइन को जोड़ने का काम किया जाना है। यह काम मंगलवार से शुरू होना था लेकिन प्रताप विहार स्थित गंगाजल प्लांट से पानी की सप्लाई बंद नहीं की गई। इसकी वजह से यह काम मंगलवार को शुरू नहीं हो सका। प्रताप विहार स्थित प्लांट के अधिकारियों की मानें तो इस वक्त गंगाजल में सिल्ट आ रही है। प्लांट से पानी की सप्लाई बंद कर दी जाएगी तो पाइपों में सिल्ट बैठ जाएगी। इसको देखते हुए मंगलवार को इंदिरापुरम को सप्लाई बंद नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि जीडीए की तरफ से 15 दिनों के लिए सप्लाई बंद करनी के लिए पत्र भेजा गया है। उन्होंने बताया कि अब बृहस्पतिवार तक स्थिति देखी जाएगी। दो दिन में सिल्ट कम होने की उम्मीद है। बृहस्पतिवार को सिल्ट कम हुई तो प्लांट से सप्लाई बंद कर जीडीए को सूचित कर दिया जाएगा। जिसके बाद नई और पुरानी लाइन को जोड़ने का काम शुरू हो सकेगा।
दो सप्ताह से अधिक समय तक रहेगी पानी की समस्या
इंदिरापुरम के लोगों को दो सप्ताह से अधिक समय तक पानी की समस्या से जूझना पड़ेगा। दरअसल जीडीए की तरफ से 15 से दो मार्च तक पानी की सप्लाई बंद रखने के लिए प्रताप विहार स्थित गंगाजल प्लांट के अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। पानी देर से बढ़ेगा तो मार्च में भी तारीख आगे बढ़ेगी। हालांकि जीडीए की तरफ से पानी की सप्लाई बाधित न हो इसको लेकर तैयारी कर ली गई है। जीडीए के अधिकारियों का कहना है कि नलकूप के जरिए इंदिरापुरम में पानी की सप्लाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्लांट से पानी बंद होने के बाद ही नई और पुरानी लाइन जोड़ने का काम शुरू हो सकेगा। प्लांट से इंदिरापुरम को 21 क्यूसेक गंगाजल मिलता है। पाइपलाइन जोड़ने के दौरान 15 दिनों तक सिर्फ 6 क्यूसेक गंगाजल की आपूर्ति की जाएगी।