चीफ इंजीनियर की रिपोर्ट पर रोका 57 लाख का भुगतान
गाजियाबाद। मुरादनगर श्मशान घाट हादसे के आरोपी ठेकेदार अजय त्यागी की फर्म की ओर से गढ़ी-सिकरोड़ में बनाया गया नाला भी मानकों पर सही नहीं पाया गया। नगर निगम ने फर्म को ब्लैक लिस्ट पहले ही कर दिया था, अब चीफ इंजीनियर की रिपोर्ट पर निगम के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और जोन के अवर अभियंता को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। उनके जवाब के बाद कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने अजय त्यागी की फर्म माही कंस्ट्रक्शन एंड बिल्डर्स को इस नाले के निर्माण का ठेका दिया था। 1.87 करोड़ का एस्टिमेट बनाया गया था, लेकिन अजय की फर्म ने 1.34 करोड़ में नाला निर्माण का ठेका लिया था। नाले के डिजाइन और गुणवत्ता पर शुरूआत से ही सवाल उठ रहे थे। नाले का लेवल इतने ऊपर कर दिया है कि इस क्षेत्र की कई गलियों का पानी वही भरा रहता था। निगम को इन गलियों का लेवल भी ऊपर उठाने पर लाखों का बजट खर्च करना पड़ा। शिकायत पर मंडलायुक्त की ओर से इस नाले की टीएसी जांच कराई गई। जांच में पता चला कि नालों की दीवार में सरिया कम मोटाई का डाला गया था। हालांकि नेशनल टेस्ट हाउस से कराई गई जांच में कंक्रीट का सैंपल पास पाया गया। कई स्थानों पर वर्क मैनशिप भी मानकों के मुताबिक नहीं पाया गया। इस कारण फर्म के बिल में एक लाख रुपये की कटौती भी की गई थी।
निरीक्षण न करने पर इंजीनियरों को नोटिस
अजय त्यागी की फर्म की ओर से कराए जा रहे निर्माण कार्यों की इन इंजीनियरों ने सही मॉनीटरिंग नहीं की। इस कारण सरिया की मोटाई, लेवल और वर्क मैनशिप में कमियां रहीं। निगम के निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता देशराज सिंह, सहायक अभियंता श्याम सिंह और अवर अभियंता योगेश कुमार को नोटिस जारी किया गया है। देशराज सिंह से स्पष्टीकरण मांगा गया है, जबकि दोनों अन्य इंजीनियरों को कारण बताओ नोटिस दिया गया है। अजय त्यागी की फर्म का 57 लाख का बकाया भुगतान भी रोक दिया गया है।
कोट
अजय त्यागी की फर्म को ब्लैक लिस्ट पहले ही कर दिया गया था। अब टीएसी की जांच रिपोर्ट की समीक्षा कर चीफ इंजीनियर की ओर से रिपोर्ट पेश की गई है। इस आधार पर तीनों इंजीनियरों को नोटिस दिया गया है। जवाब मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
- महेंद्र सिंह तंवर, नगर आयुक्त