मृत बुजुर्ग और घटना के बाद गमगीन परिजन
- फोटो : अमर उजाला
टीला मोड़ थाना क्षेत्र में पसोंडा स्थित शिव दुर्गा मंदिर के पास एक घर में बुजुर्ग की हत्या कर बदमाशों ने लाखों के आभूषण और नकदी लूट ली। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। देवर की शिकायत पर भाभी को हिरासत में ले लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
टीला मोड़ थाना क्षेत्र के पसोंडा स्थित शिव दुर्गा मंदिर के पास डकैती के दौरान घर में बदमाशों ने बुजुर्ग को बंधक बनाकर घर में लूटपाट की। कमरे में बेड पर मुंह से खून निकलता हुआ 76 वर्षीय जसवंत शर्मा का शव सुबह मिला। बुजुर्ग के गमछे पर खून के निशान मिले। दूसरे कमरे से अलमारी का मास्टर चाबी से ताला खोलकर करीब पांच लाख की बुजुर्ग ज्वेलरी और 20000 की नकदी चोरी कर ली गई।
एक अन्य कमरे में बड़े बेटे की बहू कविता और पोता तुषार भी सो रहे थे। बदमाशों ने कविता के हाथ चुन्नी से बांध दिए। अचानक दर्द होने पर कविता ने बेटे तुषार को उठाया इसके बाद हाथ पैर बंधा होने पर घटना का पता चला। घटना की रात बुजुर्ग का छोटा बेटा पंकज अपनी पत्नी पारुल, भतीजे हनी, मां कृष्णा और दो बेटों के साथ राजस्थान के धार्मिक स्थल पर मुंडन कराने गए थे। देर रात में तुषार ने घटना की सूचना चाचा पंकज और बुआ-फूफा को दी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक द्वितीय ज्ञानेंद्र कुमार सिंह सहायक पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर के अलावा टीला मोड़ थाना प्रभारी और पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने बुजुर्ग का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पंकज ने अपनी भाभी कविता पर शक जाहिर कर पुलिस को शिकायत दी है।
पुलिस का कहना है कि परिवार के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। ऐसे में पुलिस संपत्ति और आपसी विवाद को लेकर मामले की जांच कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज का कहना है कि शिकायतकर्ता पंकज की शिकायत पर कविता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज को अभी कब्जे में लेकर बदमाशों की पहचान करने में टीम लगी है।