रेलवे ट्रैक पर मिला क्राइम ब्रांच के हेड कांस्टेबल का शव
गाजियाबाद। क्राइम ब्रांच की विवेचना सेल में तैनात हेड कॉन्स्टेबल सर्वेश कुमार की (47) संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनका शव सोमवार सुबह महरौली रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। शिनाख्त होने पर जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जीआरपी के मुताबिक शुरुआती जांच में ट्रेन हादसे में प्रवेश कुमार की मौत का अंदेशा है उसके अलावा हत्या और आत्महत्या की दिशा में भी मामले की जांच की जा रही है।
थाना गुलावठी, बुलंदशहर के गांव समतोला निवासी सर्वेश कुमार करीब 25 साल पहले यूपी पुलिस में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। प्रोमशन पाकर वह हेड कांस्टेबल बने थे। वर्तमान में उनकी तैनाती क्राइम ब्रांच की विवेचना सेल में थी और वह कविनगर थानाक्षेत्र के महिंद्रा एंक्लेव में परिवार के साथ रह रहे थे। सोमवार सुबह 7:30 बजे कविनगर पुलिस को सूचना मिली कि महरौली रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची तो घटनास्थल जीआरपी का होने के चलते जीआरपी थाना को सूचित किया गया। जीआरपी थाने के प्रभारी अमीराम सिंह ने बताया कि जांच-पड़ताल करने पर मृतक की शिनाख्त हेड कॉन्स्टेबल सर्वेश कुमार के रूप में हुई। जिसके बाद उनके परिजनों को सूचना दी गई। अभिराम सिंह का कहना है कि सर्वेश कुमार के सिर में चोट लगी है, जबकि शरीर पर कोई अन्य निशान नहीं मिला है। अंदेशा है कि ट्रेन की चपेट में आकर उनकी मौत हुई है।
मॉर्निंग वॉक के लिए लिए घर से निकले थे सर्वेश
सूचना मिलने पर रोते बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सर्वेश कुमार मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे घर में किसी तरह का विवाद नहीं था। जीआरपी के अधिकारियों का कहना है कि संदिग्ध परिस्थितियों में सर्वेश कुमार का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से तमाम सवाल खड़े हो रहे हैं। अन्य बिंदुओं पर भी मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
किसी विवेचना का दवाब तो नहीं, सीडीआर खंगालेगी पुलिस
सर्वेश कुमार की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी। जीआरपी ने सभी बिंदुओं पर मामले की जांच शुरू कर दी है। सर्वेश कुमार पर किसी विवेचना को लेकर किसी तरह का कोई दवाब तो नहीं था, इसकी जांच भी की जा रही है। साथ ही मोबाइल पर किस-किस से उनकी बात हुई थी, यह जानने के लिए सीडीआर भी खंगाली जाएगी।