गाजियाबाद। जनपद बुलंदशहर के सिकंदराबाद थाना पुलिस की मोबाइल कारोबारी के अपहरण की करतूत में गाजियाबाद का सिपाही विनीत कुमार भी शामिल है। थाना प्रभारी नीरज मलिक का रिश्तेदार विनीत कुमार पुलिस लाइन्स से छुट्टी लेकर मोबाइल कारोबारी के अपहरण और 5.80 लाख रुपये वसूलने में शामिल रहा।
एडिशनल सीपी अपराध केशव कुमार चौधरी ने बताया कि आरोपी हेड कांस्टेबल विनीत कुमार 2011 बैच का सिपाही है। वह मूल रूप से शामली का रहने वाला है। एक मई को उसने गाजियाबाद पुलिस लाइन्स में आमद दर्ज कराई थी, लेकिन उसके बाद छुट्टी लेकर गया था।फिलहाल उसका मोबाइल भी बंद है। बताया गया है कि विनीत कुमार और सिकंदराबाद पुलिस ने सलमान नाम के मोबाइल कारोबारी को 30 अप्रैल को गुलावठी टोल प्लाजा से अपहृत किया और 5.80 लाख रुपये वसूलकर छोड़ा।
जांच में पता चला कि हेड कांस्टेबल विनीत कुमार उर्फ विनीत राणा भी इस घटना में शामिल था। डीआईजी मेरठ कलानिधि नैथानी के निर्देश पर सिकंदराबाद एसएचओ नीरज मलिक, एसएसआई अरुण कुमार, जेल चौकी इंचार्ज अमित कुमार, हेड कांस्टेबल विनीत कुमार, कांस्टेबल प्रवेश बंसला, सुमित और विकुल कुमार को सस्पेंड कर दिया गया है। केशव चौधरी ने बताया कि पत्र आने बुलंदशहर पुलिस का पत्र मिलने पर आरोपी सिपाही के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।