हिंडन एयरपोर्ट से नहीं भरी गई कोई उड़ान
साहिबाबाद। हिंडन एयरपोर्ट से सोमवार को उड़ान नहीं भरी गई। दरअसल सोमवार को हुबली के लिए उड़ान नहीं होती है। वहीं पिथौरागढ़ वाली फ्लाइट तकनीकी कारणों से रद्द चल रही है। हैरिटेज कंपनी का कहना है कि विमान मंगलवार से पिथौरागढ़ के लिए उड़ान भर सकेगा।
हालांकि गाजियाबाद जनपद को लॉक डाउन किया गया है लेकिन घरेलू उड़ान सेवा संचालित है। हिंडन एयरपोर्ट से रविवार को हुबली के लिए उड़ान भरी गई थी। हिंडन एयरपोर्ट अथॉरिटी का कहना है कि कोरोना वायरस की वजह से कोई भी उड़ान कैंसिल नहीं है। दरअसल पिथौरागढ़ वाले विमान तकनीकी कारणों से 21 मार्च से ही कैंसिल चल रही है। 20 मार्च को पिथौरागढ़ में लैंडिंग के दौरान विमान में तकनीकी खराबी आ गई थी। इंडियन हैरिटेज कंपनी के कॉर्डिनेटर अमित सिन्हा ने बताया कि ऑपरेशनल रीजन से 23 मार्च को भी उड़ान कैंसिल रही। वहीं बता दें कि हिंडन एयरपोर्ट से हुबली के लिए सप्ताह में पांच दिन उड़ान भरी जाती है। जबकि सोमवार और शुक्रवार को उड़ान सेवा नहीं होती, इसकी वजह से सोमवार को एयरपोर्ट से उड़ान नहीं भरी गई।
इनसेट
यात्रियों के बैठने से पहले विमान को किया जाता है सैनिटाइज
कोराना वायरस की वजह से हर व्यक्ति खौफ में है। इंडिया हैरिटेज कंपनी के कॉर्डिनेटर अमित सिन्हा ने बताया कि सुरक्षा के हर इंतजाम एयरपोर्ट से लेकर विमान तक में हैं। एयरपोर्ट पर आने वाले प्रत्येक यात्री का थर्मल स्क्रिनिंग किया जाता है। वहीं उड़ान भरने से पूर्व पूरे विमान को सैनिटाइज किया जाता है। इससे पूर्व यात्रियों को भी सैनिटाइजर लगवाया जाता है और विमान में बिठाया जाता है। एयरपोर्ट और विमान का प्रत्येक स्टाफ पूरी सावधानी बरत रहा है।