गाजियाबाद। जलकल विभाग के चल रहे कार्यों की बुधवार को नगर आयुक्त ने समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए रुके हुए कार्यों को 10 दिनों के अंदर शुरू कराने का निर्देश दिया। जीएनएन पोर्टल की समीक्षा के दौरान उन्होंने बाबुओं को फटकार लगाते हुए तीन दिन में जलकल के कार्यों की जानकारी पोर्टल पर अपडेट करने का निर्देश दिया।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि जलकल विभाग की ओर से मलिन बस्तियों में पेयजल की आपूर्ति के लिए 5000 लीटर के 20 टैंकर की खरीदारी होनी है। इसको लेकर निविदा पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है। वहीं जलकल विभाग की ओर से शहरहीत में 60 कार्यों की सूची तैयार की गई है। इसमें इंदिरापुरम सहित पांचों जोन में नए नलकूप लगाने, खराब नलकूप को रिबोर, सीवर कनेक्शन, पानी की पाइपलाइन, मैनहाेल की मरम्मत आदि के विषय में जानकारी ली गई। जलकल विभाग की 33 रुके हुए कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूर्ण करते हुए जनवरी 2026 के पहले सप्ताह तक हर हाल में कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया गया है।